युवती से छेड़खानी, बालिका के अपहरण की कोशिश
पुलिया से टकराकर गिरी बाइक भाग रहे आरोपितों को ग्रामीणों ने पीटा पुलिसकर्मियों से की हाथापाई घटना से सांप्रदायिक तनाव रिपोर्ट दर्ज।
मैनपुरी, जागरण संवाददाता। बाइक सवार दो युवकों ने कोचिंग जा रही बीएससी की छात्रा से छेड़छाड़ की। शोर मचने पर भागते आरोपितों ने एक 11 वर्षीय बालिका को अगवा करने की कोशिश की। लोगों के पीछा करने पर आरोपितों की बाइक एक पुलिया से टकरा गई। छात्रा को मामूली चोटें आईं। वहीं दोनों आरोपित घायल हो गए। भीड़ ने दोनों की जमकर पिटाई की। आरोपित संप्रदाय विशेष के होने के कारण सांप्रदायिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
थाना भोगांव क्षेत्र के एक गांव निवासी बीएससी की छात्रा शनिवार सुबह करीब सात बजे कोचिंग के लिए साइकिल से जा रही थी। रास्ते में बाइक सवार दो युवकों ने छात्रा के साथ छेड़खानी की। विरोध पर छात्रा की साइकिल में टक्कर मार दी। छात्रा गिर पड़ी। यह देख लोगों ने शोर मचाया तो दोनों युवक भागने लगे। आरोपितों ने थोड़ी दूरी पर एक 11 वर्षीय बालिका को जबरन बाइक पर बैठा लिया। उससे अश्लील हरकतें करने लगे। यह देख ग्रामीणों ने बाइकों से उनका पीछा शुरू किया तो बदमाशों ने भी बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। बालिका के विरोध के कारण बदमाशों की बाइक असंतुलित होकर गांव जमौरा की पुलिया से टकरा गई। बालिका को मामूली चोटें आईं। वहीं दोनों आरोपितों को गंभीर चोटें आईं। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया और जमकर पिटाई की। युवकों ने अपना नाम पता जुबैर आलम पुत्र इस्त्यार अली व अफसर आलम पुत्र इकरार अली निवासीगण गांव रकरी थाना भोगांव बताया।
सादा कपड़ों में पहुंचे पुलिसकर्मियों ने पिट रहे युवकों को बचाने की कोशिश की तो लोगों ने उनसे हाथापाई कर दी। अन्य पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंच लोगों को शांत किया। घायल युवकों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी मिलने पर आसपास के सैकड़ों ग्रामीण थाना भोगांव पहुंच गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सीओ भोगांव प्रयांक जैन ने बताया कि छात्रा के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - आरोपित के पिता को भी पीटा:
घटनास्थल पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इकरार अली को जानकारी दी कि उनके बेटे अफसर आलम का एक्सीडेंट हो गया है। इस पर वे मौके पर पहुंच गए। जानकारी होने पर लोगों ने इकरार अली की भी पिटाई कर दी। हालांकि इकरार अली ने कोई तहरीर नहीं दी है।