एलपीजी सिलिंडर वालों को झटका! घर के सामने है PNG लाइन तो बंद होगा रसोई गैस कनेक्शन, मैनपुरी में 6200 ब्लॉक
एचपीसीएल ने मैनपुरी में 6200 से अधिक एलपीजी कनेक्शन ब्लॉक कर दिए हैं, जहां से पीएनजी पाइपलाइन गुजरी है, जिससे ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
एचपीसीएल ने मैनपुरी में 6200 से अधिक एलपीजी कनेक्शन रोके।
बिना सूचना और सहमति के उपभोक्ताओं को हो रही है परेशानी
जिला पूर्ति अधिकारी ने एचपीसीएल की कार्रवाई को बताया गलत
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) की पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) सेवा में अब विभागीय मनमानी भी दिखने लगी है। शहर की 10 से ज्यादा कॉलोनी के 6200 से ज्यादा एलपीजी कनेक्शन बंद कर दिए गए हैं।
एचपीसीएल के अधिकारियों का कहना है जिन कॉलोनियों से भी भूमिगत पाइप लाइन गुजरी है वहां हर उपभोक्ता के एलपीजी सिलिंडर कनेक्शन ब्लॉक कर दिए जाएंगे। उधर, उपभोक्ताओं को इस मनमानी की जानकारी तक नहीं है। अधिकांश के पास नोटिस पहुंचे हैं और न ही कंपनी के कर्मचारी।
उपभोक्ताओं को भनक तक नहीं, नोटिस पहुंचे नहीं दे रहे एचपीसीएल के कर्मचारी
हर घर तक पीएनजी कनेक्शन पहुंचाने की जिले में जिम्मेदारी एचपीसीएल को सौंपी गई है। कंपनी द्वारा अभी शहर की प्रमुख कालोनियों में ही घरों की रसोई तक अपनी सप्लाई नहीं पहुंचाई जा सकी है। कालोनी की मुख्य-मुख्य सड़कों पर भूमिगत पाइप लाइन डालकर छोड़ रखी है।
कंपनी के कर्मचारियों द्वारा मनमाने कार्य के चलते कनेक्शन की संख्या नहीं बढ़ रही है। ऐसे में कंपनी के उच्चाधिकारियों द्वारा दबाव बनाए जाने के बाद नई समस्या पैदा कर दी गई है।
शहर की 10 से ज्यादा कालोनी के 6200 से ज्यादा कनेक्शन कर दिए बंद
कंपनी के भौगोलिक क्षेत्र प्रमुख रामरतन सिंह ने बताया है कि कनेक्शन संख्या बढ़ाने के लिए अब पहल की जा रही है। जिन कालोनियों से भी हमारी भूमिगत लाइन गुजरी है, उसके आसपास रहने वाले सभी घरों के एलपीजी कनेक्शन ब्लॉक किए जाएंगे। बुकिंग न होने पर ऐसे उपभोक्ता स्वयं ही हमारे पास आएंगे, तब समस्या का निदान कराया जाएगा।
पहले रसोई तक दें कनेक्शन फिर सहमति से रोकें सप्लाई
जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्रा का कहना है कि यह गलत है। एचपीसीएल को पहले उपभोक्ता के घर की रसोई तक पीएनजी की सप्लाई पहुंचानी होगी। उन्हें सभी नियम लिखित में स्पष्ट रूप से अवगत कराने होंगे। उसके बाद उनकी सहमति लेकर एलपीजी सिलिंडर की सप्लाई रोकने से संबंधित प्रक्रिया की जाएगी। सप्लाई तुरंत नहीं रोकी जा सकती। यदि ऐसा है तो इस मामले में कंपनी के अधिकारियों से बात की जाएगी।
यह भी पढ़ें- मैनपुरी में एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए बड़ी समस्या, HPCL ने बंद किए 6200 कनेक्शन, जान लें वजह
उपभोक्ताओं की बात
हमारे यहां गैस का मीटर लगाकर छोड़ गए। रसोई तक पाइप का कनेक्शन भी नहीं है। अब कनेक्शन देने के नाम पर पांच हजार रुपये मांगे जा रहे हैं। सिलिंडर ब्लॉक करने से संबंधित कोई नोटिस नहीं दिया गया। मालती देवी, गोपाल नगर कॉलोनी।
मुझे भी एजेंसी के माध्यम से ही जानकारी मिली है कि सिलिंडर ब्लाक कर दिया गया है। किसी भी कर्मचारी के द्वारा मुझे जानकारी नहीं दी गई। यह पूरी तरह से मनमानी है। अजय शुक्ला, आवास विकास कॉलोनी।
