डेंगू बुखार से चार लोगों की मौत, दो दर्जन हुए बीमार
मैनपुरी जासं। डेंगू का कहर अब जानलेवा होने लगा है। बीते 48 घंटों में डेंगू बुखार से चार लोगों की मौत हो गई जबकि दो दर्जन से अधिक लोग बीमार हो गए हैं। इनका निजी व सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। बुखार तेजी से फैल रहा है लेकिन विभागीय अधिकारी मौन बने हुए हैं।
जासं, मैनपुरी: डेंगू का कहर अब जानलेवा होने लगा है। बीते 48 घंटों में डेंगू की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि भाजपा नगर अध्यक्ष और ईएमओ सहित दो दर्जन से ज्यादा नए मरीज इसकी चपेट में हैं। बद से बदतर होते हालातों के बावजूद स्वास्थ्य विभाग आंखें मूंदे बैठा है। कोई प्रबंध नहीं कराए गए हैं।
भोगांव थाना क्षेत्र के छाछा निवासी लटूरी श्रीवास्तव (65) डेंगू से बीमार थे। हालत बिगड़ने पर परिजन जिला अस्पताल लाए, जहां सोमवार की रात उनकी मौत हो गई। थाना क्षेत्र के ही गांव कल्याणपुर निवासी अनार सिंह यादव (68) ने भी डेंगू की चपेट में आकर दम तोड़ दिया। कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला दौलत निवासी सुशीला देवी (50) पत्नी फूल सिंह को भी डेंगू की पुष्टि हुई थी। जिला अस्पताल से उन्हें सैफई और फिर यहां से परिजन ट्रॉमा सेंटर फीरोजाबाद ले गए थे जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं इनके तीन बच्चों को डेंगू बुखार की चपेट में आने के बाद प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। नगला दौलत की ही रहने वाली तीजवती (45) पत्नी हरिश्चंद्र की भी डेंगू से मौत हो गई।
डेंगू बुखार की चपेट में आने से भाजपा नगर अध्यक्ष अमित गुप्ता और इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. राजेश यादव को भी भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।
छाछा और नगला दौलत में बिछीं चारपाइयां
कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला दौलत में कई लोग बुखार की चपेट में हैं। भोगांव के छाछा में देव (9) पुत्र नीरज राठौर, प्रवीन दुबे उनकी पत्नी व दो बच्चे, लालाराम, विवेक दुबे, सुशीला देवी, राममुखी, कांति देवी, नागेश शाक्य की पत्नी कविता डेंगू की चपेट में हैं। इन्हें मैनपुरी और आगरा के निजी चिकित्सालयों में भर्ती कराया गया है।
बरप रहा कहर, मना रहे छुट्टी
डेंगू के कहर से लोग मर रहे हैं और स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार त्योहारों की छुट्टियों में व्यस्त हैं। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में अवकाश के कारण दो दिनों से ताला ही लगा रहा। डेंगू वार्ड भी नहीं खुल सका। जिला मलेरिया विभाग ने भी कोई कार्रवाई नहीं कराई।