यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 03, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दीपावली पर सिर्फ चार घंटे ही चला सकेंगे पटाखे
पर्यावरण प्रदूषण रोकने को धुआं रहित दीपावली मनाने की तैयारी रात 10 बजे तक ही चलेंगे पटाखे

जासं, मैनपुरी: पर्यावरण प्रदूषण रोकने के लिए अबकी जिम्मेदार विभाग भी सक्रिय हो गए हैं। सर्वोच्च न्यायालय के आदेश को ध्यान में रखते हुए रात 10 बजे तक ही पटाखे चलाने की अनुमति दी गई है। उसमें भी तेज आवाज और धुएं वाले पटाखों को चलाने से बचने की अपील भी की गई है।
दीपावली का पर्व नजदीक आते ही प्रशासन ने भी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। अग्निशमन विभाग इस बार धुआं रहित दीपावली मनाने पर खास जोर दे रहा है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी यदुनाथ सिंह का कहना है कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा आदेश जारी कर रात 10 बजे के बाद आतिशबाजी के शोर पर पाबंदी लगा दी है। इस बार सर्वोच्च न्यायालय के आदेश को देखते हुए शाम छह बजे से रात 10 बजे तक ही पटाखे चलाने की अनुमति दी गई है। लोगों से अपील की गई है कि वे भी पर्यावरण संरक्षण और लोगों की सुविधा को देखते हुए धुआं छोड़ने वाले पटाखों को चलाने से बचें। अलर्ट पर पुलिस और अस्पताल
अपर पुलिस अधीक्षक मधुवन कुमार सिंह का कहना है कि दीपावली पर खास सतर्कता बरती जाएगी। पुलिस कर्मियों की ड्यूटी तय की गई हैं। पिकेट के अलावा पेट्रोलिग पार्टियों को भी सक्रिय कर दिया गया है। लगातार पुलिस की टीमें गश्त करेंगी। त्योहारों पर बाजारों की में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए सादा वर्दी में भी पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध की सूचना पुलिस को दें।
शहर में सजा आतिशबाजी का अस्थाई बाजार
जासं, मैनपुरी : दीपावली पर्व पर आतिशबाजी के धूम-धड़ाके की शुरुआत हो गई है। आतिशबाजी के लिए शहर के क्रिश्चियन मैदान अस्थाई बाजार लगाया गया है। 40 से अधिक दुकानों पर अलग-अलग तरह की आतशिबाजी की बिक्री मंगलवार से शुरू हो गई। देहात में भी अस्थाई बाजार लगाए गए हैं।
शासन द्वारा ग्रीन आतिशबाजी ही चलाने के निर्देश दिए गए हैं। मंगलवार को दीपावली तक के लिए अग्निशमन विभाग द्वारा आतिशबाजी की दुकानों को अस्थायी लाइसेंस जारी किए हैं। धनतेरस पर बेहतर कारोबार की आस में शहर के क्रिश्चियन मैदान में मंगलवार को पटाखों की दुकानें सज गईं। हालांकि पहले दिन ग्राहकों की रफ्तार धीमी रही।
एक दुकानदार सुनील कुमार गुप्ता का कहना है कि इस बार धनतेरस पर बिक्री कम हुई है। अगले दो दिन कारेाबार की उम्मीद है। दुकानदारों का कहना है कि हर साल धनतेरस पर जिस प्रकार से बिक्री होती थी। इस साल खरीदार आ भी रहे हैं तो कम पटाखे की खरीद रहे हैं।
सभी दुकानदारों को विशेष निर्देश दिए गए हैं कि वे तेज आवाज वाले पटाखे और सुतली बम नहीं बेचेंगे। दुकानों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम रखने होंगे। सुरक्षा को देखते हुए दमकल की गाड़ियां भी मैदान में रहेंगी।
यदुनाथ सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी।
