फंदे पर लटका मिला युवक का शव
कुरावली संसू। एटा की अदालत में पत्नी के साथ चल रहे मुकदमे में पैरवी कर लौटते समय गायब हुए युवक का शव गांव के पास पेड़ पर लटका मिला पुलिस और स्वजन घटना को खुदकशी बता रहे है। मृतक के घर में कोहराम मच गया है।
संसू, कुरावली: एटा की अदालत में पत्नी के साथ चल रहे मुकदमे में पैरवी कर लौटते समय गायब हुए युवक का शव गांव के पास पेड़ पर लटका मिला। पुलिस और स्वजन घटना को खुदकशी बता रहे हैं।
थाना कुरावली के गांव रसेमर निवासी विक्रम पुत्र निहाल सिंह का विवाह 18 जून 2017 को एटा के थाना अलीगंज के गांव झकरई निवासी रूबी के साथ हुआ था। शादी के चार माह बाद रूबी नाराज होकर मायके चली गई। उसने एटा की अदालत में विक्रम के खिलाफ केस दायर कर दिया। दोनों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। विक्रम प्राइवेट नौकरी करने दिल्ली चले गए।
दो दिन पहले ही वे दिल्ली से लौटे थे। मंगलवार को तारीख करने एटा गए थे। देर शाम तक घर नहीं पहुंचे तो स्वजनों ने तलाश शुरू की। रात करीब 9 बजे उनका शव गांव के पास पेड़ पर लटका मिला। स्वजनों का आरोप है कि विक्रम की पत्नी उन्हें अलग-अलग प्रकार से परेशान करती थी। मासूम बेटी से भी नहीं मिलने देती थी। परेशान होकर विक्रम ने खुदकशी की है। शाम तक घटना को लेकर कोई तहरीर थाने में नहीं दी गई है। इंस्पेक्टर कुरावली शिवकुमार सिंह चौहान ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर मौत का सही कारण पता चल सकेगा। उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।