Move to Jagran APP

लॉकडाउन में भी मुफ्त के राशन पर डीलरों का डाका

मैनपुरी जासं। गरीब और मजदूरों को राशन बांटने का सरकारी आदेश डीलरों की कमाई का जरिया बन गया है। कम राशन देकर ज्यादा दाम वसूले जाने के साथ ही घटतौली भी की जा रही है। साथ ही फ्री राशन पर भी डाका डाला जा रहा है।

By JagranEdited By: Published: Fri, 03 Apr 2020 09:07 PM (IST)Updated: Sat, 04 Apr 2020 06:04 AM (IST)
लॉकडाउन में भी मुफ्त के राशन पर डीलरों का डाका
लॉकडाउन में भी मुफ्त के राशन पर डीलरों का डाका

जेएनएन, मैनपुरी: गरीब और मजदूरों को राशन बांटने का सरकारी आदेश डीलरों के लिए कमाई का जरिया बन गया है। कम राशन देकर ज्यादा दाम वसूले जा रहे हैं तो कम भी तोला जा रहा है। राशन वितरण को तैनात किए पर्यवेक्षकों में से अधिकांश के गायब होने से डीलरों की मनमानी होने लगी है। कहीं देरी से दुकान खोली जा रही हैं तो कहीं झ़ुंड में खड़े ग्रामीण सरकारी निर्देशों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।

loksabha election banner

कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए सरकार ने जिले में लॉकडाउन किया है। ऐसे हालातों में एक अप्रैल से राशन वितरण का काम शुरू हुआ है। अब तक यह वितरण सर्वर डाउन होने के चलते तेजी से नहीं हो पा रहा है। वहीं, तमाम डीलर मनमानी से बाज नहीं आ रहे हैं। निर्धारित समय के बाद भी दुकानें नहीं खोली जा रही हैं। कुरावली के गांव लखोरा में राशन बंटवाने गए राजकीय आइटीआइ के प्रधानाचार्य संजय सगर को सुबह 11 बजे तक दुकान बंद मिलीं। डीलर को बुलवाकर ग्रामीणों को राशन वितरित कराया गया।

नहीं मान रहे आदेश: कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए सरकार ने दूरी बनाकर राशन वितरण को कहा है, लेकिन अधिकांश इलाकों में इसका पालन नहीं हो रहा है। दुकानों के सामने बनाए गोलों में उपभोक्ताओं के थैले और बैग रखे रहते हैं और वे झ़ुंड बनाकर छांव में बैठ जाते हैं।

सौ रुपये में 15 किलो चावल: कुसमरा: उपभोक्ता सरला देवी का कार्ड पात्र गृहस्थी वाला है। यह डीलर शैतान सिंह के यहां पंजीकृत है। वितरण प्रदीप कुमार करते हैं। शुक्रवार को राशन लेने के दौरान प्रदीप कुमार ने उनको सौ रुपये लेकर 15 किलो चावल दिए। दूसरी राशन की दुकान अनिल पालीवाल की है। यहां से अंत्योदय कार्ड धारक संतोषी देवी को राशन मिलता है। राशन लेने गईं तो उनको 35 किलो की जगह 25 किलो राशन दिया। मामले की जानकारी अधिकारियों को दी गई।

राशन डीलर कर रहे घटतौली:अजीतगंज : ब्लॉक जागीर क्षेत्र के गांव पुण्डरी, हथपऊ और अजीतगंज में राशन डीलर मनमानी कर रहे हैं। सरकार ने अंत्योदय, मनरेगा जॉब धारक और पंजीकृत मजदूरों को निश्शुल्क राशन देने का आदेश दिया गया है। अजीतगंज निवासी सियाराम शंखवार ने बताया कि राशन लेने के बाद जब दोबारा घर पर तोल की तो दो किलो गेहूं और एक किलो पांच सौ ग्राम चावल कम निकले। क्षेत्र के कई राशन डीलर राशन वितरण के लिए लगी मशीन खराब होने की बात कह कर कार्डधारकों को लौटा देते हैं।

अंगूठा तो लगवा लिया लेकिन राशन नहीं दिया: जासं, मैनपुरी : लॉकडाउन के दौरान राशन वितरण में गड़बड़ी की शिकायतें सामने आने लगी हैं। बेवर में डीलर ने दिव्यांग से अंगूठा तो लगवा लिया, लेकिन राशन नहीं दिया। एसडीएम के हस्तक्षेप पर राशन डीलर ने न सिर्फ राशन दिया, बल्कि दिव्यांग को अपनी कार से घर तक छोड़ने गया।

कस्बा बेवर निवासी महिमाचंद पैरों से दिव्यांग है। गुरुवार को वह राशन डीलर से राशन लेने गया था। राशन डीलर ने उससे ई-पॉश मशीन पर अंगूठा तो लगवा लिया लेकिन राशन नहीं दिया। इससे वह दुखी हो गया। उसने इस बात की जानकारी अन्य लोगों को दी। बेवर निवासी कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रकाश प्रधान ने इस मामले की शिकायत एसडीएम भोगांव से दूरभाष पर की। एसडीएम भोगांव ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल राशन डीलर की फटकार लगाई।

एसडीएम के हस्तक्षेप के बाद राशन डीलर ने न सिर्फ पीड़ित दिव्यांग को उसके हिस्से का राशन दिया बल्कि अपनी कार से घर तक छोड़ने भी गया। एसडीएम भोगांव सुधीर कुमार ने बताया कि शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। जांच कराकर कार्रवाई होगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.