प्राकृतिक आपदा से फसल बर्बाद हुई तो मिलेगा मुआवजा, यूपी में किसान 31 दिसंबर तक कराएं बीमा
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत रबी सीजन 2026-27 में किसान प्राकृतिक आपदा से फसल नुकसान पर बीमा करा सकते हैं। गेहूं, चना, मटर, सरसों और आलू जैसी फसलों के लिए बीमा की अंतिम तिथि 31 दिसंबर है।

फाइल फोटो।
HighLights
रबी सीजन 2026-27 के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना शुरू।
प्राकृतिक आपदा से फसल नुकसान पर किसानों को मिलेगा बीमा कवर।
गेहूं, चना, सरसों, आलू बीमा की अंतिम तिथि 31 दिसंबर।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। मौसम की मार से फसल बर्बाद होने पर किसानों को आर्थिक नुकसान से बचाने के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत रबी सीजन 2026-27 में बीमा कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है। किसानों को प्राकृतिक आपदा से फसल को होने वाले नुकसान पर बीमा कवर दिया जाएगा। कृषि विभाग ने 15 दिसंबर तक बीमा कराने की अपील की है।
रबी सीजन में गेहूं, चना, मटर, सरसों और आलू की फसलें होंगी संरक्षित
उप कृषि निदेशक नरेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि योजना के तहत गेहूं, चना, मटर, सरसों और आलू की फसलों को शामिल किया गया है। सूखा, जलभराव, ओलावृष्टि, भूस्खलन, बादल फटना, आकाशीय बिजली से आग और बेमौसम बारिश से फसल को नुकसान होने पर नियमानुसार क्षतिपूर्ति मिलेगी। कटाई के बाद खेत में सुखाने के लिए रखी फसल को 14 दिन तक होने वाले नुकसान को भी बीमा सुरक्षा में शामिल किया गया है।
आलू का बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर
उन्होंने बताया कि गेहूं, चना, मटर, सरसों और आलू का बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर है। वहीं पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना में टमाटर, शिमला मिर्च और हरी मटर के लिए 30 नवंबर तथा आलू के लिए 15 दिसंबर अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।