विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डॉक्टरों की मनमानी: ना मरीज देख रहे और ना बांटी दवाइयां, मैनपुरी CMO ने 4 चिकित्सकों सहित 7 का वेतन काटा

Published: Tue, 03 Nov 2026 12:25 PM (IST)

मैनपुरी में सीएमओ ने पीएचसी समान और सौज का औचक निरीक्षण किया, जहां चार डॉक्टर और तीन कर्मचारी अनुपस्थित मिले। ...और पढ़ें

सीएमओ ने पीएचसी समान और सौज की देखीं व्यवस्थाएं।

सीएमओ ने पीएचसी समान और सौज की देखीं व्यवस्थाएं।

HighLights

  1. सीएमओ ने पीएचसी समान और सौज का औचक निरीक्षण किया।

  2. चार डॉक्टर और तीन कर्मचारी ड्यूटी से अनुपस्थित मिले।

  3. अनुपस्थित कर्मियों का वेतन काटने और स्पष्टीकरण के निर्देश।

जागरण संवाददाता, मैनपुरी। इस समय गांव-गांव बुखार फैलने के कारण मरीज सीएचसी-पीएचसी पर इलाज के लिए पहुंच रहे हैं, लेकिन वहां डॉक्टर और कर्मचारियों की ड्यूटी में मनमानी के कारण मरीजों को इलाज नहीं मिल पा रहा है। उपस्थित परखने को सीएमओ ने सोमवार को पीएचसी समान और सौज का औचक निरीक्षण किया तो यहां चार डॉक्टर और तीन कर्मचारी अनुपस्थित मिले।  

सीएमओ ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अनुपस्थित कर्मियों का वेतन काटते हुए स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी डॉक्टर और स्टाफ से समय से ड्यूटी पर पहुंचने की हिदायत भी दी है।

सीएमओ ने पीएचसी समान और सौज की देखीं व्यवस्थाएं

सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता दोपहर 12:35 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र समान पहुंचे। यहां निरीक्षण करने पर मेडिकल ऑफिसर डा. अमन कुमार, आयुष चिकित्सक डॉ. सोनू चंद्रा, लैब टेक्नीशियन शशांक मिश्रा अनुपस्थित मिले। फार्मासिस्ट ऋषि कुमार मरीजों को दवा वितरित करते मिले। सीएमओ ने उपस्थिति रजिस्टर में तीनों की अनुपस्थिति दर्ज कर दी। पीएचसी पर दवाओं का रख रखाव भी व्यवस्थित नहीं मिला तो नाराजगी व्यक्त की।

समय से अस्पताल पहुंचने और लापरवाही पर कार्रवाई की दी चेतावनी

इसके बाद वह 01:05 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सौज पहुंच गए। वहां मेडिकल ऑफिसर डॉ. आशीष कश्यप, डॉ. अल्का माथुर, चौकीदार शिवप्रताप सिंह, एएनएम सुमन देवी अनुपस्थित मिलीं तो सीएमओ ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी अनुपस्थित डॉक्टर और कर्मचारियों का वेतन काटते हुए स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं।

सीएमओ ने कहा कि सभी डॉक्टर और पैरामेडिकल कर्मचारी निर्धारित समय तक केंद्र पर उपस्थित रहकर मरीजों को उपचार उपलब्ध कराएं। लापरवाही मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान प्रभारी जिला स्वास्थ्य सूचना अधिकारी रविंद्र सिंह गौर, विपिन पांडेय सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।