बोलेरो सवारों ने किया युवती का अपहरण, सनसनी
भाई व मां के साथ बाइक से कुरावली आते समय हुई घटना पुलिस बोली नहीं मिली तहरीर थाना जैथरा में है घटना स्थल।
कुरावली, संसू। मां व भाई के साथ जा रही एटा की युवती को बोलेरो सवार आरोपित ने असलहों के बल पर अगवा कर लिया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस घटना की तहरीर न मिलने व घटना स्थल एटा के थाना जैथरा क्षेत्र में होने की बात कह रही है।
थाना कुरावली के गांव देवी नगर के ग्रामीणों के मुताबिक एटा निवासी एक युवती रविवार दोपहर बाद अपनी मां व भाई के साथ बाइक पर बैठकर कुरावली आ रही थी। जैथरा मार्ग पर देवी नगर काली नदी पुल के पास पीछे से आई बोलेरो सवारों ने ओवरटेक कर बाइक रुकवा ली। युवती को खींचकर बोलेरो में डाल लिया। बोलेरो सवार हथियारों से लैश थे। भाई व मां के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आते देख बोलेरो सवार युवती को लेकर फरार हो गए।
ग्रामीणों के मुताबिक उन्होंने घटना की सूचना फोन पर पुलिस को दी, लेकिन पुलिस नहीं पहुंची। युवती के भाई के मुताबिक घटना को विनय यादव व उसके साथियों ने अंजाम दिया है। विनय यादव लंबे अरसे से उसकी बहन पर बुरी नजर रखता है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देता है। कुरावली पुलिस घटना की तहरीर न मिलने की बात कह रही है। इसके साथ ही घटना स्थल एटा के थाना जैथरा क्षेत्र का होने की बात बताई जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक घटना स्थल दोनों थानों की सीमा पर है।