पिता के हत्यारोपित ने कराया था भाजपा नेता की कार पर हमला
जासं मैनपुरी 23 दिन पहले भाजपा नेता की कार पर हमले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया।
जासं, मैनपुरी: 23 दिन पहले भाजपा नेता की कार पर हमले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। शनिवार सुबह मुठभेड़ में दबोचे हमलावर से पूछताछ के बाद पुलिस ने बताया कि भाजपा नेता के पिता के हत्यारोपित ने ही ये साजिश रची थी। जिस कार पर हमला कराया गया, संयोग से भाजपा नेता उसमें सवार ही नहीं थे। इस मुठभेड़ में दो बदमाश भागने में सफल हो गए। गोली लगने से सर्विलांस प्रभारी भी घायल हो गए।
छह नवंबर को भाजपा नेता शिवम चौहान की इनोवा कार लेकर उनका चालक शरीफ और सरकारी गनर हरवेंद्र(महलगांव, सिकंदरा, आगरा) किसी कार्य से रेलवे स्टेशन पर गए थे। तभी आधा दर्जन बदमाशों ने कार पर ताबड़तोड़ फायरिग कर दी थी। चार गोलियां लगने से हरवेंद्र गंभीर घायल हो गए थे। आगरा में उपचार के दौरान शनिवार सुबह उनकी मौत हो गई।
एसपी अजय कुमार पांडेय ने बताया कि शुक्रवार आधी रात के बाद गांव बरौली के पास हमलावरों के मौजूद होने की सूचना मिली। शहर कोतवाली, भोगांव, दन्नाहार पुलिस और सर्विलांस टीम ने बदमाशों की घेराबंदी कर ली। शनिवार सुबह साढ़े तीन बजे बरौली के पास नहर पटरी पर बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में बदमाश भोला राठौर (गांधी गांव, फर्रुखाबाद) पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे दबोच लिया गया। जबकि उसके दो साथी भागने में सफल हो गए। भोला ने फरार साथियों के नाम सुदेश लोधी(गांव बरौली, भोगांव) और सर्वजीत यादव (महमूदपुर गढि़या, फर्रुखाबाद) बताए।
एसपी के अनुसार, पकड़े गए बदमाश ने बताया कि भाजपा नेता की कार पर फायरिग की वारदात उसने गुड्डू चौहान (श्रंगार नगर, मैनपुरी शहर) और अन्य साथियों के साथ मिलकर की थी। गुड्डू चौहान ने ही एक जनवरी 2017 को शिवम चौहान के पिता पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष मदन चौहान की हत्या कराई थी।