विकास की आस में भदौरा के ग्रामीण
संवाद सूत्र, भोगांव (मैनपुरी): विकास खंड सुल्तानगंज का गांव भदौरा अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। प्
संवाद सूत्र, भोगांव (मैनपुरी): विकास खंड सुल्तानगंज का गांव भदौरा अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी के चलते यहां विकास का पहिया जस का तस है। गांव की बदहाल गलियां लोगों के लिए समस्या बनी हुई हैं, तो बिजली के खंभे उनके जख्मों पर नमक छिड़कने का काम कर रहे हैं।
भोगांव-मैनपुरी रोड पर स्थित गांव भदौरा मूलभूत सुविधाओं के लिए भी तरस रहा है। गांव में कई वर्ष पहले बनाई गईं गलियां अब जर्जर हो चुकी है। जिसके कारण घरों से निकलने वाला पानी गलियों में भर जाता है। जिसके कारण लोगों को निकलने में परेशानी होती है। गांव निवासी रामकरन बताते हैं कि लगभग दस साल पहले गांव में विद्युतीकरण कराया गया था। लेकिन बिजली न आने के कारण कुछ दिनों में ही चोर तार काट ले गए। तब से लेकर आज तक दोबारा लाइन नहीं डाली जा सकी। आज भी गांव के लोग ढिबरी के सहारे ही जीवन बशर कर रहे हैं। स्वच्छता का हाल भी यहां बदहाल है। आज तक न तो एक भी शौचालय का निर्माण हो सका है और न ही सफाईकर्मी आते हैं। गलियों में भरने वाला पानी जब लोगों की राह रोकने लगता है तो वे खुद ही उसे निकालते हैं। भदौरा में दर्जन भर से अधिक परिवार कच्चे मकानों में रहने के लिए मजबूर हैं। लेकिन उन्हें आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका। गांव के लोग बताते हैं कि जनप्रतिनिधि भी गांव के विकास के प्रति गंभीर नहीं है। चुनाव के अलावा पूरे पांच साल तक कई भी बदहाली देखने के लिए नहीं आता है। गांव के लोगों ने तो अब इस बदहाली से समझौता कर लिया है।
ग्रामीणों की बात
बीते कई वर्षों से गांव में कोई भी विकास कार्य नहीं हुआ है। वर्षों पहले बनी गलियां भी अब जर्जर हो चुकी हैं। लेकिन परेशानी तो हम लोगों को होती है।
द्रोपा देवी।
कई बार गांव की बदहाली से निजात दिलाने के लिए अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिए। लेकिन आज तक किसी भी अधिकारी ने गांव के बारे में नहीं सोचा।
रामस्वरूप ¨सह।
एक दशक पहले चोर बिजली के तार चोरी कर ले गए थे, लेकिन तब से लेकर आज तक दोबारा बिजली विभाग ने विद्युतीकरण नहीं कराया। आज भी लोग ढिबरी के सहारे हैं।
सरजनलाल।
पूरे देश में स्वच्छ भारत अभियान चलाया जा रहा है। लेकिन हमारे गांव में न तो सफाईकर्मी आते हैं और न ही आज तक एक भी शौचालय का निर्माण कराया गया है।
कमलेश कुमार।
गांव एक नजर में
गांव - भदौरा
ग्राम पंचायत - सिवाई भदौरा
आबादी - 2 हजार
मतदाता - 1200
आवास - 1
शौचालय - 0
सफाईकर्मी - 1
हैंडपंप - 15 खराब-6