कलेक्ट्रेट परिसर के आसपास से खोखा हटाने पर स्टांप वेंडरों का हंगामा
कलक्ट्रेट परिसर के आसपास लगे स्टांप बेंडरों के खोखे आने-जाने वाले लोगों के लिए परेशानी का सबब बने हुए थे। एसडीएम कई बार हिदायत के बाद आखिर मंगलवार को इन्हें हटवा दिया। इससे स्टांप वेंडरों में गुस्सा छा गया और उन्होंने प्रदर्शन किया।
मैनपुरी : कलक्ट्रेट आने-जाने वालों के लिए मुसीबत बन रहे स्टांप वेंडरों के खोखे एसडीएम ने हटवाए तो हंगामा हो गया। नाराज स्टांप वेंडरों ने हड़ताल कर दी। प्रभारी मंत्री से मुलाकात कर एसडीएम की कार्रवाई में हस्तक्षेप करने की मांग की। वहीं खोखा हटाने की कार्रवाई का बार अध्यक्ष अनिल राठौर ने स्वागत किया है।
कलक्ट्रेट परिसर में स्टांप वेंडरों ने अवैध रूप से खोखे रख लिए थे। कुछ पर स्टांप लाइसेंस एआरटीओ कार्यालय का है। वे भी कलक्ट्रेट परिसर में ही जम गए थे। इन खोखों पर दलालों का अड्डा जमा रहता था। यहां खड़ी होने वाली बाइकों से रास्ता अवरुद्ध हो जाता था। अधिकारियों के वाहन भी पास नहीं हो पाते थे।
एसडीएम सदर अशोक कुमार ¨सह पिछले दो माह से स्टांप वेंडरों को चेतावनी दे रहे थे। स्टांप वेंडरों ने एसडीएम के आदेश को भी हवा में उड़ा दिया था। सोमवार शाम एसडीएम ने सभी खोखे बल पूर्वक हटवा दिए। मंगलवार सुबह स्टांप वेंडरों के हंगामा व हड़ताल से वादकारियों को परेशानी उठानी पड़ी। स्टांप खरीदने के लिए वादकारियों को दीवानी व अन्य स्थानों पर जाना पड़ा।
स्टांप वेंडरों ने जिले के प्रभारी मंत्री गिरीश यादव से मुलाकात कर हटाए गए खोखों को फिर से रखवाने की मांग की। एसडीएम ने बताया कि स्टांप वेंडरों को खोखा रखने का अधिकार नहीं है। कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।