नलकूप विभाग का रास्ता बंद करने का विरोध, हंगामा
मैनपुरीजासं। दीवानी की सुरक्षा में रोड़ा बन रहे नलकूप और सिचाई विभाग के कार्यालय को जाने वाले रास्ते को लेकर गुरुवार को हंगामा हो गया। रास्ता बंद होने की खबर पर पहुंचे दोनों कार्यालय के कर्मचारियों ने बवाल कर दिया। हंगामा बढ़ते देख ईंटे लगा रहे मजदूर हट गए।
जासं, मैनपुरी: दीवानी की सुरक्षा में रोड़ा बन रहे नलकूप और सिचाई विभाग के कार्यालय को जाने वाले रास्ते को लेकर गुरुवार को विरोध की स्थिति बन गई। रास्ता बंद होने की खबर पर पहुंचे दोनों कार्यालय के कर्मचारियों ने विरोध जताया। हंगामा बढ़ते देख ईंटे लगा रहे मजदूर हट गए। जानकारी पर पुलिस पहुंच गई। रास्ता बंद करने का काम फिलहाल रोक दिया गया है।
नलकूप विभाग और सिचाई विभाग के कार्यालय का रास्ता दीवानी परिसर के अंदर से होकर जाता है। रोजाना सैकड़ों लोग इन कार्यालयों पर जाते हैं। सभी को दीवानी परिसर से होकर गुजरना पड़ता है। इससे दीवानी की सुरक्षा में सेंध लग सकती है। घटना के बाद से ही अधिकारी इन कार्यालयों पर जाने वाले रास्ते का विकल्प तलाशने में लगे है। मंगलवार और बुधवार को एसडीएम सदर रजनीकांत ने क्षेत्रीय लेखपाल के साथ पूरे इलाके का भ्रमण किया था। उन्होंने रास्ते के विकल्प की तलाश की थी। उन्होंने कार्यालयों का रास्ता बंबा के किनारे ने निकालने पर विचार किए जाने की जानकारी दी थी।
गुरुवार को इस मामले मे नया मोड़ आ गया। दोपहर बाद दीवानी परिसर में काम कर रहे कुछ मजदूरों ने इन कार्यालयों की ओर जाने वाले रास्ते पर ईंटे लगा कर अवरुद्ध करना शुरू कर दिया। जानकारी पर दोनों कार्यालयों के तमाम कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। ईंट लगाने का विरोध किया तो काम रुक गया। इंस्पेक्टर कोतवाली भानुप्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है।
इस समस्या के समाधान के लिए विकल्प तलाशे जा रहे हैं। किसानों का अहित न हो, इसको भी ध्यान में रखा जा रहा है। जल्द ही समस्या हल हो जाएगी।
महेंद्र बहादुर सिंह, डीएम