50 मिनट में पूरी हुई 500 मीटर की दूरी
इंतजाम के अभाव में जाम से कराहा बाजार, नहीं दिखे जिम्मेदार।
मैनपुरी : त्योहार सिर पर हैं। लेकिन, शहर की यातायात व्यवस्था धड़ाम है। गुरुवार को करवाचौथ की खरीदारी का बाजार सजा। हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी। लेकिन, इंतजामों के अभाव में बाजार जाम से कराहता रहा। 500 मीटर की दूरी तय करने में पैदल राहगीरों को भी 50 मिनट का वक्त लग गया। खुद चेयरमैन व्यवस्था बिगाड़ते दिखीं। प्रतिबंधित रास्ते पर लग्जरी कार लेकर निकल पड़ीं।
गुरुवार को पटरी बाजार सजता है। नियम है कि इस दिन बाजार के अंदर तिपहिया और चार पहिया वाहनों को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। लेकिन, गुरुवार को यह नियम धड़ाम हो गया। ई-रिक्शा और टेंपो के अलावा दूसरे चार पहिया वाहनों को बेखौफ प्रवेश कराया गया। जिसके चलते जाम की स्थिति बन गई। क्रिश्चियन तिराहा से बड़ा चौराहा तक रास्ता जाम हो गया। आज और कल चौबंद होंगे इंतजाम: सीओ सिटी आरके पांडेय का कहना है कि शुक्रवार और शनिवार को बाजार में खरीदारी को भारी भीड़ उमडे़गी। व्यवस्था बाधित न हो, इसके लिए क्रिश्चियन तिराहा और करहल चौराहा से बाजार में वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। चौराहों और तिराहों पर होमगार्ड को तैनात किया गया है। नियम तोड़ने वाले वाहनों का चालान काट कार्रवाई कराई जाएगी।