पानी के लिए महिलाओं ने तहसील में किया हंगामा
जागरण संवाददाता, महोबा: शहर में पानी के लिए अब हंगामा होने लगा है। आए दिन शहर में पानी
जागरण संवाददाता, महोबा: शहर में पानी के लिए अब हंगामा होने लगा है। आए दिन शहर में पानी के लिए कहीं जाम तो कहीं प्रदर्शन थम नहीं रहा है। मंगलवार को कांशीराम कालोनी बिच्छू पहाड़िया की आधा सैकड़ा महिलाओं ने सदर तहसील पहुंच हंगामा काटा और नारेबाजी की। इसके बाद महिलाओं ने डीएम को प्रार्थना पत्र सौंप पेयजल आपूर्ति बहाल कराने की मांग की।
काशीराम कालोनी निवासी परवीन, रोशनी, आयशा, रूबी, हसीना, शरीफन, शबाना, निशा, शाहजहां, सैफी सहित आधा सैकड़ा महिलाओं ने जिलाधिकारी सहदेव को सौंपे प्रार्थना पत्र में बताया कि कालोनी में 15 दिनों से पानी नहीं आ रहा। कालोनी के हैंडपंप में जंग वाला पानी निकल रहा है। जिससे यहां के लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। पंप आपरेटर आबिद उर्फ टिल्लू से ट्यूबवेल से पानी देने की बात करने पर वह मोटर चलाने से इंकार करता है। जिस पर डीएम ने जल संस्थान के अधिशाषी अभियंता को बुलाकर लताड़ लगाई। डीएम ने कहा कि छह लाख रुपये दिलाया गया है साथ ही सामान भी दिलाया गया है। इसके बाद भी पेयजल आपूर्ति क्यों नहीं की जा रही। एक्सईएन ने एक दिन में आपूर्ति बहाल करने की बात कही। डीएम ने एसडीएम राजेश कुमार यादव से कहा अगर एक दिन में पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो एक्सईएन के घर की पेयजल आपूर्ति बंद कर दी जाए।