शिवालयों में उमड़े श्रद्धालु, शहर में निकली शिव बरात
जागरण संवाददाता महोबा महाशिवरात्रि का पर्व जनपद में श्रद्धा भक्ति के साथ मनाया गया। सुबह से र
जागरण संवाददाता, महोबा: महाशिवरात्रि का पर्व जनपद में श्रद्धा भक्ति के साथ मनाया गया। सुबह से रात तक शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ रही। शहर में शिव बरात निकाली गई। जिसमें ढोल नगाड़ों के बीच भक्त झूमते रहे। सुरक्षा की दृष्टि से शिव मंदिरों में पुलिस बल तैनात रहा।
महाशिवरात्रि पर सुबह से ही करिया पठवा, बलखंडेश्वर, बड़ी चंद्रिका प्रांगण स्थित शिव मंदिर, मोहल्ला छिपयाना का प्राचीन शिव मंदिर, द्वादश ज्योतिर्लिग मंदिर, रामकुंड स्थित शिव मंदिर में सबसे ज्यादा भक्तों की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का शहद, गंगाजल, दूध, दही से अभिषेक किया। भक्तों ने भगवान को बेल पत्र, भांग, इत्र, शमी पत्र, धतूरा का फूल आदि चढ़ाकर मनोकामना मानी। मोहल्ला शेखनपुरा स्थित प्राचीन शिव मंदिर में भगवान भोलेबाबा का धूमधाम से विवाह किया गया। जहां पर मोहल्ले की महिलाएं एकत्र हुई। करिया पठवा से शाम को भगवान शंकर जी की बरात निकाली गई। भगवान नंदी पर सवार होकर चल रहे थे और भक्त ढोल नगाड़ों के बीच नाचते गाते चल रहे थे। शिव बरात बाईपास होते हुए सुभाष चौक, ऊदल चौक, आल्हा चौक, मुख्य बाजार होते हुए करिया पठवा में समाप्त हुई। यहां पर भंडारे का भी आयोजन किया गया। जिसमें सैकड़ों भक्तों ने भंडारे का प्रसाद लिया। रामकुंड स्थित शिव मंदिर से भी भगवान की बरात निकाली गई। इसी तरह कई मोहल्लों से छोटे छोटे बच्चों ने शिव बरात निकाली। पूजा अर्चना का सिलसिला सुबह से लेकर देर शाम तक चलता रहा। कुछ स्थानों पर भक्तों ने परंपरागत रूप से ठंडई व भांग का भी सेवन किया।