विद्यालय बना तालाब, कैसे हो पढ़ाई
संवाद सूत्र, खन्ना: कबरई ब्लाक के ग्राम बरभौली का विद्यालय इन दिनों तालाब में तब्दील हो गया है। प
संवाद सूत्र, खन्ना: कबरई ब्लाक के ग्राम बरभौली का विद्यालय इन दिनों तालाब में तब्दील हो गया है। पानी से लबालब भरे परिसर से गुजर कर कक्षा में पहुंचना ही टेढ़ी खीर हो रही है। घुटनों तक पानी के चलते बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह से बंद है।
लगभग 5000 की आबादी वाले गांव के इस प्राथमिक विद्यालय में बच्चे, अध्यापक व अन्य संसाधन हैं। प्रधानाध्यापक परसराम श्रीवास ने सभी बच्चों को ड्रेस, जूता, मोजा, पुस्तकों का सौ फीसद वितरण भी करा दिया है। प्रधानाध्यापक के अलावा विद्यालय में 2 सहायक अध्यापक दिनेश प्रजापति, शादिमा हाशिमी और दो शिक्षा मित्र जगप्रसाद कुशवाहा, अवधेश सहित 5 शिक्षकों की नियुक्ति है। विद्यालय में 206 छात्र भी पंजीकृत हैं। सब कुछ होने के बाद भी भौगोलिक स्थिति में विद्यालय अपेक्षाकृत नीचे होने से उसमें हल्की बरसात में ही चारों तरफ पानी भर जाता है। इससे शिक्षण कार्य प्रभावित ही नहीं ठप जैसा हो गया है। जलभराव ने सरी व्यवस्थाएं अस्त-व्यस्त कर दीं हैं। सभी शौचालय पानी से लबालब भरे हैं। हैंडपंप का पानी भी प्रदूषित हो गया है। जिससे बच्चों को बीमारियों का खतरा बना रहता है। पानी कमरों तक में आ जाता है। इसी परिसर में पूर्व माध्यमिक विद्यालय व आंगनबाड़ी केंद्र भी स्थित है। कार्यकर्ता लक्ष्मी वर्मा ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र में 90 बच्चों का पंजीयन है। पानी के भराव से कोई बच्चा या धात्री केंद्र में आने जाने से कतराते हैं। सभी बच्चों को सरकार द्वारा दिया जाने वाला पुष्टाहार इन्हीं सीलन युक्त कमरों में रखना मजबूरी है। पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य राम प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि समस्या के विषय में बीएसए कार्यालय में माह मई में लिखित प्रार्थना पत्र दिया था। अभिभावकों में प्रेम नारायण विश्वकर्मा, रवि करण तिवारी, शिक्षा समिति के अध्यक्ष व नन्हेलाल कुशवाहा सदस्य, बाबू वर्मा, बालेंद्र वर्मा आदि ने जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है।