सरहज के प्रेम में साले को जहर देने वाला दबोचा गया
संवाद सूत्र बेलाताल (महोबा) रोजगार का लालच देकर दंपती को गुजरात लेकर गए बहनोई ने सरहज
संवाद सूत्र, बेलाताल (महोबा): रोजगार का लालच देकर दंपती को गुजरात लेकर गए बहनोई ने सरहज के प्रेम में साले को जहर देकर मार डाला, और शव गायब कर दिया। काफी प्रयास के बाद भी कुछ पता न चलने पर युवक के पिता ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। लॉकडाउन में महिला के घर लौटने की जानकारी पर पुलिस ने बहनोई और सरहज को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। गुजरात पुलिस से संपर्क करने पर हत्या का राजफाश हुआ। इसी के बाद गुजरात पुलिस दोनों को अपने साथ ले गई।
अजनर थाना क्षेत्र के सगुनियां निवासी 30 वर्षीय देवेंद्र पत्नी 25 वर्षीय गुड़िया और हमीरपुर के थाना मुस्करा ग्राम बिहूनी निवासी अपने बहनोई जीतेंद्र के साथ जून 2019 में गुजरात मजदूरी के लिए गए थे। जहां से 10-15 बाद ही गुडिया मायके सीगौन वापस आ गई। इसके कुछ दिन बाद बहनोई जीतेंद्र भी अपने घर वापस आ गया, किंतु देवेंद्र घर नहीं लौटा। पिता फूल सिंह ने देवेंद्र को काफी तलाशा पर उसका कुछ पता नहीं चला। पूछने पर बहनोई जीतेंद्र ने पिता को बताया कि देवेंद्र उसके साथ 10 दिन रहा और फिर किसी दूसरी जगह रहने लगा था। चार माह तक उसका पता नहीं चला तो पिता फूल सिंह ने थाना अजनर में 27 जनवरी को देवेंद्र की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद भी गुडिया का अपने ननदोई जीतेंद्र से मायके सीगौन में मिलना जुलना जारी रहा। संदेह होने पर फूल सिंह ने 5 जून को बहू गुड़िया और दामाद जीतेंद्र के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की। शनिवार को पुलिस ने सख्ती की तो जीतेंद्र टूट गया और बताया कि साले देवेंद्र को जहर देकर मार देने की बात स्वीकार की। इस पर अजनर पुलिस ने गुजरात पुलिस से संपर्क किया। रविवार को गुजरात पुलिस अजनर आई और उसने गुड़िया व जीतेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। गुजरात पुलिस के अनुसार गुजरात के जनपद बलसाड़ के थाना बापी में बाईब्रेंट बिजनेस पार्क के पीछे रेलवे लाइन के पास 14 फरवरी 20 को अज्ञात शव मिला था। पोस्टमार्टम करा 16 फरवरी 19 को मुकदमा पंजीकृत किया गया था। गुजरात की बापी थाना पुलिस गुड़िया और जीतेंद्र को लेकर गुजरात रवाना हो गई। पुलिस देवेंद्र के पिता व दो ग्रामीणों को गवाह साथ ले गई।