सर्दियों का देसी 'सुपरफूड' है महोबा का सिंघाड़ा: दिल को रखता है दुरुस्त और पेट की समस्याओं में रामबाण
महोबा में सिंघाड़े की खेती बड़े पैमाने पर होती है, जो सर्दियों का सुपरफूड माना जाता है। यह कम कैलोरी और उच्च फाइबर से भरपूर है, जो शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ पाचन और हृदय स्वास्थ्य में सुधार करता है।

तस्वीर को प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए एआई टूल GEMINI की मदद से बनाया गया है।
HighLights
महोबा में 500 हेक्टेयर में सिंघाड़े की व्यापक खेती।
कम कैलोरी, उच्च फाइबर वाला सर्दियों का सुपरफूड।
पाचन, हृदय स्वास्थ्य और वजन नियंत्रण में सहायक।
जागरण संवाददाता, महोबा। सर्दियों का मौसम आते ही बाजारों में सिंघाड़ा नजर आने लगा है। स्वाद में जितना अच्छा, सेहत के लिए उतना ही फायदेमंद। यही वजह है कि इसे सर्दियों का सुपरफूड कहा जाता है। कम कैलोरी और भरपूर फाइबर वाला सिंघाड़ा शरीर को ठंडक, ऊर्जा और पोषण एक साथ देता है।
कस्बा बेलाताल के बेलासागर के साथ ही शहर के कीरतसागर व मदनसागर में करीब 500 हेक्टेयर में इसकी खेती होती है। करीब 1000 किसान इससे मुनाफा कमाते हैं। तालाबों से निकला ताजा सिंघाड़ा शहर के साथ ही आसपास के बाजारों में भी पहुंच रहा है। वर्तमान में यह 70-80 रुपये प्रति किग्रा बिक रहा है। जिला अस्पताल के चिकित्सक डा. योगेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि कच्चा सिंघाड़ा शरीर को हाइड्रेट रखता है। करीब 74 से 80 प्रतिशत पानी होता है, जो एसिडिटी और जलन में राहत देता है।
पोटैशियम और एंटीआक्सीडेंट्स ब्लड प्रेशर को संतुलित रखने और दिल की सेहत सुधारने में सहायक हैं। फाइबर अधिक होने से यह लंबे समय तक पेट भरा रखता है। उबला सिंघाड़ा पाचन के लिए और भी हल्का माना जाता है। इससे अपच, गैस, ब्लोटिंग और कब्ज में आराम मिलता है। भोजन से पहले खाने पर भूख शांत रहती है, जिससे वजन नियंत्रण में मदद मिलती है। मौजूद एंटीआक्सीडेंट्स और मिनरल्स इम्यूनिटी और त्वचा की सेहत को भी सहारा देते हैं। हालांकि सिंघाड़ा पानी में उगता है, इसलिए कच्चा खाने से पहले इसे अच्छी तरह धोकर और छीलकर ही खाएं।
उधर फतेहपुर में 700 हेक्टेयर में 900 किसान, उन्नाव में 500 हेक्टेयर में 650, जालौन में 250 हेक्टेयर में 210, फर्रुखाबाद में 300 हेक्टेयर में 250, हमीरपुर में करीब 150 किसान 40 हेक्टेयर में, बांदा में 24 हेक्टेयर में करीब 40 किसान और कानपुर देहात में 40 हेक्टेयर में 15 किसान सिंघाड़ा उगा रहे हैं।
औरैया में सिंघाड़े की खेती नहीं होती। इटावा में 625 तालाबों का पट्टा है, जिनमें 350 तालाबों में मछली पालन के साथ सिंघाड़े की खेती होती है। वरिष्ठ मत्स्य निरीक्षक महोबा राजेश कुमार ने बताया कि हर साल इसका रकबा घटता बढ़ता रहता है। कुछ किसान निजी भूमि में भी खेती करते हैं। 10 दिसंबर से नवीन पट्टे जारी किए जाएंगे। यहां सिंघाड़ा के साथ किसान मछली पालन भी करते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।