महोबा में पूर्व सांसद ने पूछा- जल शक्ति मंत्री बताएं कि कहां गए 1100 करोड़, टैंकरों से मिल रहा पानी
पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत ने महोबा में जल जीवन मिशन पर सवाल उठाए हैं, कहा कि 1100 करोड़ खर्च होने के बावजूद गांवों में टैंकरों से पानी मिल रहा है।

महोबा से पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत। (तस्वीर- फाइल)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, महोबा। 2027 के सियासी समर के पहलेे चरखारी के भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत के पिता पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत ने अपने फेसबुक पोस्ट के जरिए सियासत गर्म कर दी है।
30 जून को उन्होंने पोस्ट कर जल जीवन मिशन, पेड़ों की कटान आदि की बात लिखकर सरकार को आड़े हाथों लिया था, हालांकि बाद में लिखा था कि मैं भाजपा नहीं छोडूंगा, जब तक अपमानित कर बाहर नहीं निकाला जाएगा। बुधवार को भी उन्होंने फेसबुक पर तीन पोस्ट किए।
पहले में लिखा कि आजादी की लड़ाई में हमने खून बहाकर धरती लाल कर दी थी, पर आज भी 75 साल बाद 1100 करोड़ सिर्फ महोबा में खर्च हो गए और पानी गांव में अभी भी नहीं मिल रहा। कह रहे आल इज वेल।
भैरवगंज चरखारी, अजनर, बेलाताल, मुढ़ारी आदि कई गांवों में टैंकरों से पानी मिल रहो, जलशक्ति मंत्री बताए कि 1100 करोड़ रुपये कहां खर्च हो गए। वहीं दूसरी पोस्ट में वह लिखते हैं कि बुंदेलखंड के लोग हिचड़े नहीं है।

जो आएं और बुंदेलखंड को लूटकर चले जाएं और हम लुटेरों के लिए ताली बजाएं, गजरा पहनाएं। वर्षों से सब लूट रहे, हम अब ताली नहीं तलवार चलाएंगे। तीसरी पोस्ट में उन्होंने लिखा कि बुंदेलखंड का इतिहास पढ़ लो, हमने तलवारें चलाई हैं। हिचड़ों की तरह तालियां नहीं बजाईं।
यह भी पढ़ें- महोबा में विवाद की सूचना पर चौकी लगाकर दी प्रताड़ना, चाचा-भतीजे को पुलिस ने पीटा, एसआई लाइन हाजिर
अब जंग होगी सिर्फ बुंदेलखंड के लिए। पूर्व सांसद गंगाचरण का कहना है कि मैं बुंदेलखंड की आवाज उठाता रहूंगा, किसी को बुरा लगे तो क्या कर सकता हूं। मैं चुप नहीं बैठ सकता। अच्छे कार्य करता रहूंगा।
