हमारी सड़क बनवाओ... महोबा में बदहाल सड़क के खिलाफ छात्रों का हल्लाबोल, झांसी-मिर्जापुर हाईवे जाम; 45 मिनट थमे वाहन
महोबा के रैपुरा गांव के छात्र-छात्राओं ने खराब सड़क के निर्माण की मांग को लेकर झांसी-मिर्जापुर हाईवे जाम कर दिया। ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, महोबा। यूपी में बदहाली को लेकर छात्रों का आक्रोश दिन पर दिन बढ़ता जा रहा है। महोबा के चिचारा बस स्टैंड से खिरूही मार्ग को दुरुस्त किए जाने की मांग को लेकर छात्राओं के प्रदर्शन के बाद अब रैपुरा में भी अव्यवस्था के खिलाफ गूंज सुनाई दी। छात्र-छात्राओं ने सड़क पर उतरकर हाईवे जाम कर दिया।
सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम रैपुरा के छात्र-छात्राओं ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर बुधवार सुबह करीब 10 बजे झांसी-मिर्जापुर हाईवे जाम कर दिया। नारेबाजी करते हुए छात्रों ने कहा हमारी मांगें पूरी करो। करीब 45 मिनट तक जाम के कारण हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। छात्र अनिल और मनोज ने बताया कि गांव की करीब एक किमी की सड़क पूरी तरह बदहाल हो गई है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं और बारिश का पानी भर गया है।

कीचड़ के कारण निकलना मुश्किल
कीचड़ के कारण पैदल निकलना भी मुश्किल है। एक तरफ की सड़क पानी में पूरी तरह कट भी गई है। उन्होंने बताया कि गांव के बच्चे शहर के डीएवी इंटर कालेज, राजकीय इंटर कालेज, पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कालेज सहित शहर के कई स्कूलों में पढ़ते हैं। रोजाना इसी सड़क से आना-जाना होता है, लेकिन खराब सड़क की वजह से पढ़ाई और समय दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
तहसीलदार और शहर कोतवाली प्रभारी भी पहुंचे
तहसीलदार अभिषेक मिश्रा और शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष पांडेय मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों से बात कर उनकी समस्या सुनी और आश्वासन दिया। तहसीलदार ने बताया कि बीडीओ को निर्देशित किया गया है कि इस सड़क को कार्ययोजना में शामिल किया जाए।
सड़क निर्माण का मिला आश्वासन
शीघ्र ही सड़क का निर्माण करा दिया जाएगा। प्रशासन के आश्वासन के बाद छात्र माने और करीब 45 मिनट बाद जाम खोला गया। इसके बाद यातायात सामान्य हुआ। इसके पूर्व मंगलवार को विकासखंड कबरई के ग्राम बिलरही के मजरा गुप्ता खोड़ा के स्कूली बच्चों ने जिला पंचायत अध्यक्ष जेपी अनुरागी को बदहाल सड़क की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा था। जिस पर उन्होंने दो माह के अंदर सड़क निर्माण का भरोसा दिया था।
30 जुलाई को खिरूही मार्ग के लिए हुआ था प्रदर्शन
महोबा में ही कानपुर-सागर हाईवे पर चिचारा बस स्टैंड से खिरूही मार्ग गड्ढों में तब्दील हो जाने से पं. दीनदयाल उपाध्याय इंटर कॉलेज चिचारा में शिक्षा ग्रहण करने वाले आसपास के गांवों के छात्र-छात्राओं को दिक्कत हो रही है। कई बार मांग के बाद भी निर्माण न होने से परेशान छात्र-छात्राओं ने 30 जुलाई को सड़क पर प्रदर्शन किया था।
