विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

1.80 लाख सैलरी वाला इंजीनियर मांग रहा 10 लाख दहेज, पत्नी से बोला- पैसे लाओ नहीं तो दूसरी शादी कर लूंगा

Published: Mon, 05 Oct 2026 11:54 AM (IST)

महोबा में एक महिला ने अपने इंजीनियर पति पर 10 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज मांगने, मारपीट करने और घर से निकालने का आरोप लगाया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. इंजीनियर पति ने 10 लाख अतिरिक्त दहेज की मांग की।

  2. पीड़िता को मारपीट कर घर से निकाल दिया गया।

  3. पति सहित पांच लोगों पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।

जागरण संवाददाता, महोबा। दहेज लाख की और मांग पूरी न होने पर महिला का जेवर छीनकर उसे पीटकर घर से निकाल दिया गया।

पीड़िता का आरोप है कि उसका पति हैदराबाद की कंपनी में इंजीनियर है और 1.80 लाख वेतन पाता है, इसके बाद भी 10 लाख रुपये और दहेज की मांग कर रहा है। महिला थाना पुलिस ने पति समेत पांच पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शहर के मुहल्ला झलकारीबाई तिराहा निवासी स्वाति ने बताया कि पांच फरवरी 2026 को उसकी शादी निहाल गुप्ता निवासी मुहल्ला रामटोला खरिकातेली बाग, पीजीआई लखनऊ के साथ हुई थी। पिता ने आठ लाख रुपये नकदी, दस लाख के आभूषण और गृहस्थी का सारा सामान दिया था।

10 लाख रुपये की डिमांड की

जब वह ससुराल गई तो पति ने कहा कि तुम्हारे पिता यदि 10 लाख रुपये और नहीं देते तो वह दांपत्य संबंध स्थापित नहीं करूंगा। पति के साथ ही ससुर प्रमोद, सास अंजू, देवर रिशू व ननद दिव्या ने उसके साथ मारपीट की।

स्वाति ने कहा कि पति माधापुर, आईटी पार्क हैदराबाद तेलंगाना की क्वालकम कंपनी में इंजीनियर है और 1.80 लाख उसका वेतन है। उसने कहा कि अपने पिता से 10 लाख रुपये दिलाओ, नहीं तो दूसरी शादी कराकर अच्छा पैसा पैदा कर लेंगे।

जेवर छीनकर ससुरालवालों ने मायके भेज दिया

स्वाति ने कहा कि 26 फरवरी को ससुरालवालों ने सारा जेवर छीनकर उसे मायके महोबा भेज दिया। उसने अतिरिक्त दहेज को लेकर दी गई प्रताड़ना के बारे में बताया। सभी ने ससुरालवालों को समझाया, लेकिन वो लोग नहीं माने। 20 मार्च को मायके में पंचायत भी हुई, पर ये लोग 10 लाख की मांग पर अड़े रहे।

धमकी दी कि मांग पूरी होने तक उसे नहीं रखेंगे और कार्रवाई कराई तो जान से मार देंगे। पीड़िता ने सूचना थाना महिला में दी। थानाध्यक्ष निकिता शुक्ला ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उधर पति निहाल से बात करने का प्रयास किया गया, पर संपर्क नहीं हो सका।

यह भी पढ़ें- दहेज के लिए हैवानियत की हद पार, सऊदी अरब में पति ने प्रेशर कुकर से फोड़ा पत्नी का सिर; गुप्तांग पर भी किया हमला