महोबा में BJP जिलाध्यक्ष पर 'हमबिस्तरी' का आरोप लगाने वाली महिला नेता पलटीं, कहा- गुस्से में बोल दिया था
महोबा में भाजपा जिलाध्यक्ष पर हमबिस्तरी का आरोप लगाने वाली पूर्व महिला पदाधिकारी ने कहा कि उन्होंने गुस्से में यह आरोप लगाया था और पार्टी उनके लिए सर्वोपरि है।

महोबा में BJP जिलाध्यक्ष पर 'हमबिस्तरी' का आरोप लगाने वाली महिला नेता पलटीं।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, महोबा। भाजपा के जिला अध्यक्ष मोहनलाल पर हमबिस्तरी का दबाव बनाने का आरोप लगाने पार्टी की पूर्व पदाधिकारी ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि उन्होंने गुस्से में यह आरोप लगाया था।
पूर्व महिला पदाधिकारी ने कहा कि मैंने जो भी किया, गुस्से में किया...पार्टी मेरे लिए सर्वोपरि है। मैं पार्टी के लिए काम करूंगी। गुस्सा जो था वो अलग बात का था। मुझे पार्टी से कोई गिला-शिकवा नहीं।
हालांकि, माना जा रहा है कि विवाद का अभी पूर्ण पटाक्षेप नहीं हुआ है। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय टीम गठित की है।
टीम में शामिल महिला कल्याण निगम अध्यक्ष व पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष कमलावती सिंह व क्षेत्रीय महामंत्री संतविलाश शिवहरे मंगलवार को महोबा पहुंचे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ दोनों पक्षों से वार्ता की। टीम को तीन दिनों में अपनी रिपोर्ट क्षेत्रीय अध्यक्ष को सौंपनी है।
'गुस्से में दे दिया था बयान'
जांच टीम के साथ बैठक के बाद पूर्व महिला पदाधिकारी ने फेसबुक लाइव आकर कहा कि कुछ लोग मेरे बयान को तोड़ मरोड़कर पेश कर रहे हैं। मैंने ये कहा कि इस्तीफा गुस्से में दिया था। जिस पर मैंने आरोप लगाए हैं, उससे समझौते की बात निराधार है।
मैं भाजपा की निष्ठावान कार्यकर्ता थी, हूं और रहूंगी, लेकिन व्यक्ति से मेरा कोई समझौता नहीं हुआ है। उधर जांच टीम के सदस्य क्षेत्रीय महामंत्री का कहना है कि कार्यकर्ताओं के बीच कभी कभार आपसी मतभेद हो जाते है। दोनों पक्षों के साथ संवाद किया गया है। विषय जो चल रहा है वो समाधान की ओर है।
