Draft Voter List 2026: महोबा में जारी हुई SIR ड्राफ्ट लिस्ट जारी, 34671 नो-मैपिंग श्रेणी मतदाताओं को नोटिस
UP SIR 2026 Voter List: महोबा में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन किया गया। इसमें 34671 ...और पढ़ें
-1767700723626_m.webp)
HighLights
महोबा में निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन हुआ
34671 'नो-मैपिंग' मतदाताओं को नोटिस जारी
दावे और आपत्तियां 6 फरवरी 2026 तक स्वीकार्य
जागरण संवाददाता, महोबा। UP SIR 2026 Voter List: भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम अनुसार मंगलवार को निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन कर दिया गया है। कलेक्ट्रेट में जिला निर्वाचन अधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। जिसमें बताया गया कि 34671 मतदाताओं को नो-मैपिंग श्रेणी में रखा गया है और उन्हें अपना नाम जुड़वाने के लिए आयोग से निर्धारित दस्तावेजों में से किसी एक को उपलब्ध कराना होगा।
अनंतिम सूची प्रकाश के बाद महोबा विधानसभा-230 में 156080 पुरुष व 127315 महिला मतदाताओं के साथ ही 6 थर्ड जेंडर समेत कुल मतदाता 283401 के मतदाता मिले हैं। विधानसभा चरखारी-231 में 173961 पुरुष व 144235 महिलाएं, 10 थर्ड जेंडर मतदाताओं को मिलाकर कुल 318206 मतदाता है। इस तरह जिले में एसआइआर अभियान के बाद कुल 601607 मतदाता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी गजल भारद्वाज ने बताया कि महोबा विधानसभा में 17 व चरखारी विधानसभा के अंतर्गत 14 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किए गए। आलेख्य प्रकाश के बाद जिले में 34671 मतदाता नो मैपिंग श्रेणी में है। इन्होंने वर्ष 2003 की सूची में अपने माता पिता, दादा दादी, नाना नानी का विवरण उपलब्ध नहीं कराया है।
अब इन मतदाताओं को सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा नोटिस दिया जाएगा। नोटिस के दौरान मतदाताओं को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अधिकृत पासपोर्ट, वन अधिकार प्रमाण पत्र, राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर, सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी जन्म प्रमाण पत्र, सरकार द्वारा जारी कोई भी भूमि मकान आवंटन पत्र समेत 13 प्रकार के दस्तावेजों में से एक दस्तावेज को सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के पास उपलब्ध कराना होगा। जिसकी जांच की जाएगी। यदि दस्तावेज सही पाए जाएंगे तो मतदाता का नाम सूची में जोड़ दिया जाएगा। अन्यथा की स्थिति में उनका नाम अंतिम मतदाता सूची में नहीं आएगा।
डीएम ने बताया कि आलेख्य प्रकाशन के बाद जिले में 14948 दिवंगत मतदाता, 29828 अनुपस्थित मतदाता, 35474 स्थाई शिफ्टेड मतदाता, 4937 डुप्लीकेट व 165 मतदाता अन्य श्रेणी में मिले। इस प्रकार 85352 मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में अनकलेक्टेबल श्रेणी में होने के कारण ड्राफ्ट रोल में प्रदर्शित नहीं किए गए। आलेख्य प्रकाशन की तिथि से लेकर 6 फरवरी 2026 तक दावे और आपत्तियां की जा सकती हैं।
निर्वाचक नामावली में नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6 का प्रयोग किया जाएगा। इसके साथ अनुलग्नक-4 घोषणा पत्र भी जमा किया जाएगा। आलेख्य प्रकाशित बिना फोटो युक्त मतदाताओं की सूची डीइओ पोर्टल पर प्रदर्शित हो रही है। जो मतदाता 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हों वे भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट एवं वोटर हेल्प लाइन एप पर जाकर स्वयं फार्म-6 भर सकते हैं। साथ ही अपने माता पिता, दादा दादी आदि का नाम निर्वाचक नामावली-2003 की सूची में खोज कर सकते हैं। निर्धारित फार्मों पर आवेदन किया जा सकता है। इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व कुंवर पंकज, एसडीएम सदर शिवध्यान पांडेय सहित अन्य अधिकारी व राजनैतिक दलों के लोग मौजूद रहे।
