मामा के बेटे संग तालाब में नहाने गया युवक की गहराई में जाने से डूबने से हुई मौत, स्वजन शव देख बेहाल
महोबा के कुलपहाड़ नगर के चौधरी तालाब में अपने मामा के बेटे संग नहाने गया युवक गहराई में जाने से डूब गया। एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवक को बाहर निकलवाया सीएचसी ले जाने पर डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
महोबा, जागरण संवाददाता। युवक तालाब में नहाते समय गहराई में जाने से डूब गया। साथियों ने घटना की जानकारी युवक के स्वजन को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब एक घंटे की मेहनत के बाद गोताखोर की मदद से युवक को ढूंढ निकाला। एंबुलेंस से युवक को सीएचसी भेजा गया जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
कुलपहाड़ नगर के टौरियापुरा मोहल्ला निवासी 22 वर्षीय अशोक कुमार पुत्र मुकुंदी अनुरागी अपने मामा के लड़के हेमंत के साथ रविवार दोपहर को चौधरी तालाब में नहाने गया था। नहाते समय अशोक बीच तालाब में काफी गहराई में चला गया, और डूब गया। डूब रहे अशोक ने बचाव के लिए आवाज लगाई तो कुछ ही दूरी पर नहा रहे हेमंत ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन असफल रहा। उसने तालाब से बाहर आकर आसपास लोगों को आवाज देकर मदद के लिए बुलाया। इसके बाद परिजनों को बुलाया गया। सूचना पर कुलपहाड़ कोतवाली पुलिस भी पहुंची।
काफी खोजबीन करने के बाद जब युवक नहीं मिला तो जानकारी एसडीएम अरुण दीक्षित व पुलिस क्षेत्राधिकारी उमेश चन्द्र को दी। इसके बाद कोतवाली इंचार्ज चंद्रशेखर ने नगर के गोताखोर मुन्ना रैकवार व नाविकों को बुलाया। करीब एक घंटे कड़ी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाला जा सका। मौके पर मौजूद एंबुलेंस से उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।