1000 वर्ग मीटर में 15 पान बरेजा तैयार करने का मिला लक्ष्य
जागरण संवाददाता महोबा पान किसानों को लाभ दिलाने के लिए सरकार कृत संकल्प है। किसान इसक
जागरण संवाददाता, महोबा : पान किसानों को लाभ दिलाने के लिए सरकार कृत संकल्प है। किसान इसका अधिक से अधिक लाभ उठाएं। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत प्रदेश स्तरीय दो दिवसीय किसान मेला और प्रदर्शनी का शुभारंभ करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष जीतेंद्र सिंह सेंगर ने सरकार की लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान बुंदेलखंड के कई जिलों के किसान मेला में मौजूद रहे। जिला सेवायोजन सभागार महोबा में बुधवार को किसान मेले का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम में प्रदेश के पान उत्पादक कृषकों के साथ-साथ जनपद के कृषि तथा औद्यानिक खेती में लगे कृषकों द्वारा भी प्रतिभाग किया गया। इसमें महोबा नगरपालिका अध्यक्ष दिलाशा तिवारी, सीडीओ डॉ हरिचरन सिंह, उप कृषि निदेशक जीराम, शोध अधिकारी श्याम सिंह, जिला सेवायोजन अधिकारी राममूर्ति मौजूद रहे। एनबीआरआइ लखनऊ के पूर्व प्रधान वैज्ञानिक डॉ रामसेवक चौरसिया, बुंदेलखंड निसार संस्थान की अध्यक्ष कैकशा जलाल, महारानी मुकुंद फाउंडेशन की कोषाध्यक्ष सरिता तिवारी शामिल रहीं। जनपद में बागवानी खेती कर रहे कृषकों द्वारा उत्कृष्ट उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। जिसमें विद्रावन निवासी ग्राम रहेलिया ने प्राकृतिक जीवों का ग्रामीण मॉडल, सोहन दाऊ, मातादीन निवासीगण इमलीबरा महोबा द्वारा पान, भानूप्रकाश निवासी ग्राम लिधौराखुर्द, कल्लूराम निवासी ग्राम शाहपहाड़ी तथा सुखलाल निवासी ग्राम सलारपुर द्वारा जैविक केंचुआ वर्मी खाद का प्रदर्शन किया गया। कृषकों को पान की नवीनतम खेती की जानकारी दी गई। सीडीओ ने कहा कि राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत 1000 वर्ग मी के 15 पान बरेजा निर्माण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। ऐसे कृषक जिनकी 1000 वर्गमी स्वयं की भूमि हो, कृषि विभाग की बेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। इस दौरान पान किसानों को सम्मानित किया गया। किसान मेले में जनपद झांसी, ललितपुर, बांदा, महोबा तथा लखनऊ के 350 से अधिक कृषकों द्वारा प्रतिभाग किया गया।