291 सेंटरों पर मना किशोरी दिवस
पोषण पखवाड़ा के पहले दिन जिले के सभी 291 एएनएम सेंटर पर शुक्रवार को किशोरी दिवस मनाया गया। इस दौरान जहां किशोरियों के शरीर में हीमोग्लोबिन जांच कर एनीमिया दूर करने के उपाय बताए गए वहीं 4162 किशोरियों को हेल्थ कार्ड भी जारी किया गया।
महराजगंज: पोषण पखवाड़ा के पहले दिन जिले के सभी 291 एएनएम सेंटर पर शुक्रवार को किशोरी दिवस मनाया गया। इस दौरान जहां किशोरियों के शरीर में हीमोग्लोबिन जांच कर एनीमिया दूर करने के उपाय बताए गए, वहीं 4162 किशोरियों को हेल्थ कार्ड भी जारी किया गया।
डिस्ट्रीक कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर संदीप पाठक ने कहा कि हीमोग्?लोबिन की कमी को आहार के जरिये दूर किया जा सकता है। भोजन में अनेक पोषक तत्व होते हैं, जो शरीर का विकास करते हैं, उसे स्वस्थ रखते हैं और शक्ति प्रदान करते हैं। हीमोग्लोबिन को बढ़ाने के लिए संतुलित आहार, व्यायाम, भोजन में हरी सब्जियां, दाल, अनार आदि फल लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि आयरन की गोली को दूध, चाय, काफी व गर्म पानी के साथ नहीं खाना है। इसे नींबू पानी व संतरे के साथ खाया जाए तो अच्छा रहेगा। इस अवसर पर ग्राम पंचायत करमहां में एएनएम आशा प्रजापति ने किशोरियों के खून की जांच की। केंद्र पर आशा कार्यकर्ता रूपा देवी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कुमुद कामिनी ने भी अपने दायित्वों का निर्वहन किया। सभी एएनएम सेंटर पर किशोरी दिवस पर बेहतर ढंग से कार्यों का संचालन हो इसके लिए स्वास्थ्य, शिक्षा एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी एएनएम सेंटरों पर भ्रमण करते रहे।