मोबाइल नहीं मिलने पर किशोर ने दी जान
चौक थानाक्षेत्र के सिंहपुर टोला में घटी घटना
महराजगंज: मोबाइल नहीं मिलने से नाराज किशोर ने गुरुवार की सुबह घर में फंदा लगा लिया। हालत खराब होने पर उसे जिला अस्पताल लाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। हालांकि शाम तक पुलिस घटना से अंजान रही। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी।
चौक थानाक्षेत्र के मधुबनी गांव के सिंहपुर टोला निवासी सुरेश पटेल का बेटा त्रिदेव (16) मोबाइल को लेकर परेशान रहता था। वह कई दिनों से मोबाइल की डिमांड कर रहा था। पिता की ओर से लगातार आश्वासन दिया जा रहा था। गुरुवार को मोबाइल को लेकर घर में विवाद हुआ और किशोर ने कमरे में जाकर फंदा लगा लिया। जानकारी होते ही परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुरेश पटेल किसान हैं। उनके तीन बेटों में त्रिदेव सबसे छोटा था। बड़ा बेटा कैलाश सिपाही हैं और देवरिया में उसकी तैनाती है। खबर मिलते ही गांव व रिश्तेदारी के लोग पहुंच गए।