विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महराजगंज: निर्माणाधीन पार्किंग स्थल में लगी आग, मालवाहक वाहन का कैबिन जलकर राख

Published: Sun, 08 Nov 2026 11:13 PM (IST)

सोनौली में एक निर्माणाधीन पार्किंग स्थल में आग लगने से एक मालवाहक वाहन का कैबिन जलकर राख हो गया।

सोनौली के निर्माणाधीन पार्किंग में खड़े मालवाहक में लगी आग। जागरण

सोनौली के निर्माणाधीन पार्किंग में खड़े मालवाहक में लगी आग। जागरण

HighLights

  1. सोनौली की निर्माणाधीन पार्किंग में मालवाहक वाहन में लगी आग।

  2. दीपावली पर दीपक से आग लगने की जताई जा रही आशंका।

  3. भारतीय और नेपाली दमकल टीमों ने मिलकर आग पर पाया काबू।

जागरण संवाददाता, नौतनवा। सोनौली कोतवाली के सामने स्थित निर्माणाधीन पार्किंग स्थल में अचानक आग लगने से एक मालवाहक वाहन का कैबिन जलकर राख हो गया। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही सोनौली पुलिस सक्रिय हो गई और महराजगंज के नौतनवा में मौजूद दमकल टीम के साथ नेपाल की दमकल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। हालांकि, दमकल की गाड़ियां पहुंचने से पहले ही वाहन का कैबिन पूरी तरह जल चुका था।

बताया जा रहा है कि बिहार निवासी चालक शंकर यादव ने दीपावली के अवसर पर मालवाहक वाहन पर दीपक जलाया था। आशंका जताई जा रही है कि दीपक से निकली आग की चिंगारी के कारण वाहन में आग लगी होगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल भारतीय और नेपाली दमकल टीमों को सूचना देकर बुलाया। दोनों देशों की दमकल टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

गनीमत रही कि आग की चपेट में आसपास खड़े अन्य वाहन नहीं आए और बड़ा हादसा टल गया। घटना में मालवाहक वाहन का कैबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला ने बताया कि मालवाहक वाहन में आग लगी थी, जिसको काबू पा लिया गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।