विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनौली सीमा पर पांच किमी लंबा जाम, भारत-नेपाल निर्यात पर पड़ा असर

Published: Mon, 02 Nov 2026 11:02 PM (IST)

सोनौली सीमा पर मालवाहक वाहनों की 5 किलोमीटर लंबी कतार लगने से भारत-नेपाल व्यापार और निर्यात प्रभावित हो रहा है।

सोनौली सीमा पर लगी मालवाहक वाहनों की कतार। जागरण

सोनौली सीमा पर लगी मालवाहक वाहनों की कतार। जागरण

HighLights

  1. सोनौली सीमा पर ट्रकों की पांच किमी लंबी कतार।

  2. भारत-नेपाल के बीच निर्यात और यातायात प्रभावित।

  3. जाम कम करने को अतिरिक्त तीन घंटे सीमा खुली।

जागरण संवाददाता, सोनौली। भारत-नेपाल सीमा पर मालवाहक वाहनों का दबाव बढ़ने से यातायात व्यवस्था प्रभावित है। सोनौली से नेपाल के भैरहवा तक दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी है। भारतीय क्षेत्र में ट्रकों की कतार पांच किलोमीटर से अधिक पहुंच गई है। जाम के कारण वाहनों की आवाजाही थम गई है और सीमा पार निर्यात भी प्रभावित हो रहा है।

स्थिति को देखते हुए रविवार को तीन घंटे अतिरिक्त सीमा खोलकर वाहनों की निकासी कराई गई। इससे नेपाल की ओर करीब चार किलोमीटर तक जाम का दबाव कम हुआ, लेकिन स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी। सोमवार को भी तीन घंटे अतिरिक्त सीमा संचालन का निर्णय लिया गया है। इस दौरान भारत से नेपाल और नेपाल से भारत, दोनों ओर वाहनों का आवागमन होगा।

सोनौली कस्बे में सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण और अव्यवस्थित यातायात भी जाम की प्रमुख वजह हैं। पटरियों पर कब्जे के अलावा ठेले, कार और बाइक आधी सड़क तक खड़े रहते हैं। इससे सड़क संकरी हो जाती है और बड़े ट्रकों को निकलने की पर्याप्त जगह नहीं मिलती। नेपाल से बाजार आने वाले लोगों के वाहन, सवारी गाड़ियों का ठहराव और पर्यटक वाहनों की आवाजाही भी समस्या बढ़ाती है।

स्थानीय लोगों, पर्यटक वाहनों और मालवाहक ट्रकों का एक साथ दबाव जाम को गंभीर बना रहा है। छोटे वाहनों के बीच फंसने से बड़े ट्रकों को देर तक इंतजार करना पड़ता है। दिन में ट्रकों की निकासी प्रभावित होने से सीमा पर कतार बढ़ती जाती है।

क्षेत्राधिकारी बसंत कुमार सिंह ने बताया कि रविवार को तीन घंटे अतिरिक्त सीमा खुलने से नेपाल की ओर करीब चार किलोमीटर तक जाम कम हुआ। सोमवार को भी तीन घंटे अतिरिक्त सीमा संचालन कराया जाएगा। इससे दोनों देशों के बीच वाहनों की निकासी तेज होने और जाम का दबाव घटने की उम्मीद है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।