विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

22 साल से छिपाई पहचान, बौद्ध केंद्र की आड़ में चीन कनेक्शन, इंडोनेशियाई महिला रोहाना के नेटवर्क से उठे कई राज

By Vishwadeepak TripathiEdited By: Vivek Shukla
Published: Sat, 14 Nov 2026 11:51 AM (GMT+05:30)

सोनौली सीमा पर पकड़ी गई इंडोनेशियाई महिला रोहाना के चीन कनेक्शन की जांच तेज हो गई है। सुरक्षा एजेंसियां उसके ...और पढ़ें

इंडोनेशियाई महिला, रोहाना। जागरण

इंडोनेशियाई महिला, रोहाना। जागरण

HighLights

  1. इंडोनेशियाई महिला रोहाना के चीन कनेक्शन की जांच जारी।

  2. सोनौली सीमा पर पकड़ी गई, 22 साल से भारत में।

  3. बौद्ध केंद्र और भारतीय दस्तावेजों की गहन पड़ताल।

विश्वदीपक त्रिपाठी, महराजगंज। इमिग्रेशन जांच के दौरान सोनौली सीमा पर पकड़ी गई इंडोनेशियाई महिला रोहाना के मामले में जांच का दायरा बढ़ गया है। पहचान छिपाकर 22 वर्षों से भारत में रह रही रोहाना का बौद्ध केंद्र से जुड़ाव धार्मिक-सांस्कृतिक था या इसकी आड़ में कोई अन्य गतिविधि चल रही थी, इसकी पड़ताल सुरक्षा एजेंसियां कर रहीं हैं।

होगुआंग शान कोलकाता बुद्धिस्ट सेंटर और लद्दाख निवासी जिगमत पलजोर के संपर्कों की भी जांच हो रही है। पुलिस की टीम जल्द ही कोलकाता स्थित इस सेंटर पर जाएगी। रोहाना यहां खुद को अध्यक्ष बताती है। हालांकि अब तक की जांच में उसके केंद्र में नन के रूप में काम करने और वहीं रहने की बात सामने आई है।

विवेचक अजय कुमार ने शुक्रवार को लद्दाख निवासी पलजोर को नोटिस भेजकर सात दिन के भीतर बयान दर्ज कराने का निर्देश दिया। जांच में पता चला है कि पलजोर ने भिक्षु संघसेना समेत कई भारतीय बौद्ध भिक्षुओं की चीन यात्रा में मदद की और उनके टिकट बुक कराए थे।

कोलकाता बुद्धिस्ट सेंटर की स्थापना 1998 में ताइवान की संस्था बुद्ध इंटरनेशनल ने की थी। यहां चीनी समुदाय के लोगों का आना-जाना रहता है। होगुआंग शान एक अंतरराष्ट्रीय बौद्ध संगठन है, जिसका मुख्यालय ताइवान में है। कोलकाता का केंद्र चीनी मूल के बौद्ध समुदाय के बीच सक्रिय है। इंडोनेशिया और चीन के बीच बौद्ध संबंध पुराने हैं।

नेपाल के लुंबिनी स्थित चीनी बौद्ध मंदिर से भी इस केंद्र का जुड़ाव है। कोलकाता से बौद्ध भिक्षुओं को नेपाल और चीन भेजने की व्यवस्था रोहाना करती थी। उसने कोलकाता में भारतीय मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड और पैन कार्ड बनवाए थे। उसका नाम एंटाली विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में भी दर्ज है।

कोलकाता का तंगरा इलाका दशकों से चीनी मूल के लोगों की बस्ती के रूप में जाना जाता है। सुरक्षा एजेंसियां पता लगा रही हैं कि रोहाना ने स्थानीय संपर्कों की मदद से दस्तावेज बनवाए या सीमा पर सक्रिय किसी संगठित गिरोह ने उसे सुविधा दी। पुलिस यह भी जांच रही है कि उसने इन दस्तावेजों का इस्तेमाल कहां किया। बैंक खाता खोला या संपत्ति का लेन-देन किया और इनके आधार पर कोई अन्य सुविधा ली या नहीं।


पलजोर को सात दिन के भीतर बयान दर्ज कराने का नोटिस भेजी गई है। प्रारंभिक जांच में रोहाना के बुद्धिस्ट सेंटर में रहकर नन के रूप में काम करने की बात सामने आई है। जांच के लिए पुलिस टीम शीघ्र ही कोलकाता जाएगी।

-

-अजय कुमार, उपनिरीक्षक व विवेचक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।