जिला अस्पताल गेट बना आटो स्टैंड, बढ़ी परेशानी
आटो चालकों की दबंगई से जिला संयुक्त चिकित्सालय का प्रवेश द्वार आटो स्टैंड बन गया है। सुबह से देर सायं तक बेतरतीब खड़े आटो से लोगों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ता है।
महराजगंज: आटो चालकों की दबंगई से जिला संयुक्त चिकित्सालय का प्रवेश द्वार आटो स्टैंड बन गया है। सुबह से देर सायं तक बेतरतीब खड़े आटो से लोगों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ता है। कई बार इमरजेंसी मरीजों को लेकर पहुंचने वाले एम्ब्युलेंस चालकों और आटो चालकों विवाद भी हो जाता है। जिला अस्पताल परिसर में साइकिल, मोटरसाइकिल खड़ी करने के लिए स्टैंड बनाया गया है। आए दिन मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण वाहनों का भी आना-जाना लगा रहता है। लेकिन कई बार आटो चालक परिसर में भी सवारी के लिए घुस आते हैं। मुख्य गेट पर भी आटो खड़ाकर जाम की समस्या को उत्पन्न किया जा रहा है, जिससे मरीजों संग तीमरदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है। अस्पताल प्रशासन चाहकर भी इनकी दबंगई के आगे असहाय बना है। इसके लिए कई बार अस्पताल प्रशासन और होगार्डों ने इन्हें समझाया और गेट पर परिसर में आटो खड़ा करने के लिए मना भी किया। बावजूद फिर आटो चालक अपने पुराने ढर्रे पर लौट आते हैं। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक आरबी राम ने कहा कि मरीजों की सुविधा के लिए वह गंभीर है। आटो चालकों को चाहिए कि मरीजों व आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका ध्यान रखना चाहिए।