महराजगंज के फरेंदा सीट पर सुभासपा के बाद निषाद पार्टी की दावेदारी, असमंजस में भाजपाई
फरेंदा विधानसभा सीट पर सुभासपा और निषाद पार्टी की दावेदारी से राजनीतिक माहौल गरमा गया है, जिससे भाजपा कार्यकर्ता असमंजस ...और पढ़ें

कैबिनेट मंत्री संजय निषाद। जागरण
HighLights
सुभासपा और निषाद पार्टी ने फरेंदा सीट पर दावा ठोका।
दोनों दलों की सक्रियता से भाजपा कार्यकर्ता असमंजस में हैं।
भाजपा नेतृत्व सीट बंटवारे पर अंतिम निर्णय लेगा।
विश्वदीपक त्रिपाठी, महराजगंज। फरेंदा विधानसभा सीट पर भाजपा के सहयोगी दलों सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) और निषाद पार्टी की दावेदारी से राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। दोनों दलों ने क्षेत्र में सक्रियता बढ़ा दी है। ऐसे में भाजपा कार्यकर्ता असमंजस में हैं कि आगे क्या रणनीति अपनाएं। फरेंदा कभी भाजपा की परंपरागत सीट रही है।
कुछ दिन पहले सुभासपा ने इस सीट पर दावा किया था। पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव डा. अरविंद राजभर ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात कर 33 सीटों की सूची सौंपी थी, जिसमें फरेंदा भी शामिल है। सुभासपा ने यहां राजभर मतदाताओं की संख्या लगभग 35-40 हजार बताते हुए इसे जीत का आधार बताया।
पार्टी ने 13 जोन और 39 सेक्टर कमेटियां गठित की हैं। कार्यकर्ताओं की नियमित बैठकें कर जनाधार मजबूत किया जा रहा है। हाल में पार्टी ने बड़ा कार्यकर्ता सम्मेलन भी किया था। इसी बीच निषाद पार्टी ने नौतनवा के साथ फरेंदा सीट पर भी दावेदारी पेश कर सियासी हलचल बढ़ा दी है। पार्टी नेताओं का कहना है कि यहां निषाद समुदाय के मतदाताओं की पर्याप्त संख्या है और इस वजह से सीट पर उनका स्वाभाविक हक बनता है।
बुधवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के नेतृत्व में पदयात्रा निकाली गई। इसके बाद जनसभा में उन्होंने कार्यकर्ताओं से फरेंदा सीट के लिए तैयारी करने को कहा। निषाद पार्टी के प्रदर्शन के बाद भाजपा से दावेदारी कर रहे नेता सीट बंटवारे पर नजर गड़ाए हैं। फरेंदा में 1993 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने पहली बार जीत दर्ज की थी। पार्टी के शिवेंद्र चौधरी ने सीपीएम के विनोद मणि को हराया था।
2007 में भाजपा के बजरंग बहादुर सिंह विधायक बने और 2012 में भी पार्टी ने जीत दर्ज की। 2015 के उपचुनाव में सपा के विनोद मणि विधायक चुने गए। 2017 में बजरंग बहादुर सिंह ने भाजपा के लिए सीट फिर जीती। 2022 में कांग्रेस के वीरेंद्र चौधरी चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे।
भाजपा के जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने कहा कि सहयोगी दलों के साथ सीटों के बंटवारे का फैसला पार्टी का राष्ट्रीय और राज्य नेतृत्व करेगा। नेतृत्व का जो भी निर्णय होगा, उसके अनुरूप काम किया जाएगा।
निषाद पार्टी ने 2022 के विधानसभा चुनाव में महराजगंज की नौतनवा सीट पर अपना विधायक बनाया था। इस बार पार्टी फरेंदा और नौतनवा, दोनों सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है। फरेंदा में निषादों की संख्या सर्वाधिक है। सुभासपा को उन सीटों पर चुनाव लड़ना चाहिए, जहां राजभर समाज की संख्या अधिक है।
-डा. संजय निषाद, राष्ट्रीय अध्यक्ष, निषाद पार्टी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।