पासपोर्ट ब्लैक लिस्टेड होने पर ध्यान लगाकर बैठा नार्वे का नागरिक
महराजगंज सोनौली सीमा पर विदेशियों पर लगे प्रतिबंध के चलते नार्वे का नागरिक शनिवार को
महराजगंज : सोनौली सीमा पर विदेशियों पर लगे प्रतिबंध के चलते नार्वे का नागरिक शनिवार को सीमा पर फंस गया। अंतत: आव्रजन विभाग को उसका पासपोर्ट ब्लैक लिस्टेड करना पड़ा। इस विषम परिस्थिति को देख नार्वे का नागरिक आव्रजन कार्यालय के पास ध्यान मुद्रा में बैठ गया। वह अपने को शिवभक्त बता रहा है। मिकेल चिलाहुईल (40 वर्ष) करीब तीन माह से तमिलनाडु में रह रहा था। शुक्रवार को वह सोनौली सीमा पर पहुंचा और नेपाल जाने का डिपार्चर ले लिया। शनिवार की सुबह वह पुन: सोनौली आव्रजन कार्यालय पर आया और भारत प्रवेश की अनुमति मांगने लगा। लेकिन शुक्रवार की शाम से लागू हुए प्रतिबंध आदेश के कारण उसे अनुमति नहीं मिली। नार्वे निवासी का कहना था कि उसका सभी सामान तमिलनाडु में हैं। वह नेपाल नहीं जाएगा। जिस पर आव्रजन अधिकारियों ने उसके पासपोर्ट के ब्लैक लिस्ट करने की प्रकिया शुरू कर दी।
----
प्रतिबंध के बाद भटकते रहे विदेशी पर्यटक:
सोनौली आव्रजन कार्यालय ने शुक्रवार की शाम पांच बजे के बाद विदेशी नागरिकों (नेपाल-भूटान छोड़ कर) भारत प्रवेश पर रोक लगा दी गई। वहीं नेपाल के बेलहिया आव्रजन कार्यालय द्वारा विदेश के नागरिकों पर प्रतिबंध का आदेश शनिवार की रात 12 बजे के बाद लागू किए जाएंगे। इस समयांतराल के कारण कई विदेशियों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। बेलहिया आव्रजन अधिकारी गिरिराज खनाल ने बताया कि शनिवार की रात 12 बजे के बाद सभी विदेशियों (भारत छोड़कर) के प्रवेश पर रोक लगाई जाएगी।