273 ड्रम अवैध डीजल के साथ दुकानदार गिरफ्तार
अवैध रूप से नगर में चल रहे नकली डीजल के खेल का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। 273 ड्रम नकली डीजल व केरोसिन तेल के साथ पुलिस ने लाइसेंसी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया।
महराजगंज :
अवैध रूप से नगर में चल रहे नकली डीजल के खेल का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। 273 ड्रम नकली डीजल व केरोसिन तेल के साथ पुलिस ने लाइसेंसी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया। नकली तेल के खेल में जिले के आधा दर्जन कोटेदार शामिल हैं, जो कोर्ट के लिए जारी केरोसिन के तेल को लाइसेंसी को दे रहे थे। अवैध तेल की खपत बड़े पैमाने पर थी।
पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवान ने घटना का पर्दाफाश करते हुए बताया कि रविवार की सुबह एसएचओ सदर कोतवाली सर्वेश कुमार सिंह व स्वाट टीम प्रभारी शशांक शेखर राय नगर के बलिया नाला के पास चेकिग कर रहे थे। इस दौरान पिकअप पर चार ड्रम केरोसिन तेल बरामद हुआ। गाड़ी के अंदर से वार्ड नंबर 17 हनुमानगढ़ी बलिया नाला निवासी प्रमोद गुप्ता पुत्र बाबू लाल को गिरफ्तार किया गया। जांच में पता चला कि आरोपित ने 15 ड्रम डीजल व केरोसिन बेचने का पेटी डीलर लाइसेंस ले रखा है।
लाइसेंस के आड़ में वह नकली तेल बनाने का कारोबार कर रहा था। स्थानीय कोटेदारों की मदद से वह केरोसिन लेता और मिलावट कर अवैध रूप से डीजल तैयार करता था और उसे सस्ते रेट में कंबाइन मशीन चालक सहित अन्य लोगों को सप्लाई देता। एसपी ने बताया कि नकली तेल की सबसे बड़ी खपत मोबाइल टावर में हो रही थी।
कार्रवाई के दौरान 273 ड्रम निर्मित-अर्ध निर्मित नकली डीजल व केरोसिन तेल बरामद हुआ। यह तेल करीब 40 हजार लीटर है। पूछताछ में प्रमोद गुप्ता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम व धोखाधड़ी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। गिरफ्तारी वाली टीम में स्वाट टीम के कांस्टेबल आशुतोष सिंह, अजय शर्मा, विजय चौधरी, संजय सिंह, अजय यादव आदि मौजूद रहे।