विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महराजगंज में 45 महिलाएं कर रहीं गेंदा फूल की खेती, दीपावली पर 10 लाख रुपये के फ्लॉवर बेचने का लक्ष्य

Published: Mon, 26 Oct 2026 05:54 PM (IST)

नेपाल के तनहु जिले में 45 महिलाएं सामूहिक रूप से गेंदा फूलों की व्यावसायिक खेती कर रही हैं, जिसका लक्ष्य इस दीपावली पर 10 लाख रुपये के फूल बेचना है।

दीपावली पर 10 लाख रुपये के गेंदा फूल बेचने का लक्ष्य।

दीपावली पर 10 लाख रुपये के गेंदा फूल बेचने का लक्ष्य।

HighLights

  1. नेपाल की 45 महिलाएं कर रहीं गेंदा फूलों की खेती।

  2. दीपावली पर 10 लाख रुपये के फूल बेचने का लक्ष्य।

  3. सामूहिक खेती से महिलाएं बन रहीं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर।

संवाद सूत्र, सोनौली। नेपाल के तनहु जिले के आबुखैरेनी गांवपालिका-1 स्थित आधीमूल यान्चोक की महिलाएं इस बार दीपावली पर 10 लाख रुपये के गेंदा फूल बेचने की तैयारी में जुटी हैं। सामूहिक प्रयास से व्यावसायिक फूलों की खेती कर रहीं महिलाओं ने पिछले वर्ष भी करीब नौ लाख रुपये के फूल बेचे थे। इस बार उत्पादन और बाजार की मांग को देखते हुए बिक्री का लक्ष्य बढ़ाया गया है।

दीपावली नजदीक आने के साथ ही क्षेत्र के खेतों में खिले पीले और नारंगी रंग के गेंदा फूल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। महिलाएं फूलों की तुड़ाई करने के साथ उन्हें बिक्री के लिए तैयार करने और सुरक्षित रखने में जुटी हैं। तोड़े गए फूलों को बिक्री तक ताजा बनाए रखने के लिए शीतगृह में रखा जा रहा है।

समूह की अध्यक्ष सुन्तली गुरुङ के अनुसार, इससे बाजार में आपूर्ति के समय फूलों की गुणवत्ता बनाए रखने में मदद मिल रही है। तीन वर्ष पहले स्थानीय महिलाओं ने सामूहिक रूप से गेंदा फूलों की व्यावसायिक खेती शुरू की थी।

अब इसका विस्तार 45 रोपनी क्षेत्रफल तक हो चुका है और समूह से 45 महिलाएं जुड़ी हैं। यह पहल महिलाओं के लिए रोजगार और आमदनी का साधन बनने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में भी मददगार साबित हो रही है। उत्पादन बढ़ने के साथ ही फूलों के खरीदार भी मिलने लगे हैं। पहले चरण में तोड़े गए फूलों में से 50 किलोग्राम की मांग आई थी।

दमौली में कोसेली घर संचालित करने वाली उद्यमी कल्पना गौली ने यह फूल खरीद लिए हैं। महिलाओं के अनुसार प्रति किलोग्राम फूल की कीमत 400 रुपये तक मिल रही है। दीपावली पर गेंदा फूलों की अधिक मांग को देखते हुए उत्पादन, तुड़ाई और भंडारण की व्यवस्था की गई है।

आबु खैरेनी गांवपालिका के कृषि शाखा प्रमुख संतोष केसी के अनुसार, व्यावसायिक फूलों की खेती के लिए बाजार की समस्या नहीं है। स्थानीय महिलाओं के उत्पाद की मांग बढ़ना उत्साहजनक है। सामूहिक खेती, बेहतर भंडारण और बाजार की उपलब्धता के सहारे महिलाएं इस वर्ष 10 लाख रुपये की बिक्री का लक्ष्य हासिल करने में जुटी हैं।

यह भी पढ़ें- बस्ती में कांशीराम आवास परिसर में बिछाई जाएगी नई पाइप लाइन, पेयजल की समस्या होगी दूर