बस्ती में कांशीराम आवास परिसर में बिछाई जाएगी नई पाइप लाइन, पेयजल की समस्या होगी दूर
बस्ती के कांशीराम आवास परिसर में पेयजल संकट दूर करने के लिए नगर पालिका नई पाइप लाइन बिछाएगी। निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
कांशीराम आवास में बिछेगी नई पेयजल पाइप लाइन।
नगर पालिका ने 10.43 लाख की निविदा प्रक्रिया पूरी की।
जर्जर पाइप लाइन से निजात, स्वच्छ पानी मिलेगा।
जागरण संवाददाता, बस्ती। कांशीराम आवास परिसर दो व तीन नंबर में नई पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इसके लिए नगर पालिका ने निविदा प्रक्रिया पूरी करा ली है। इस पर 10.43 लाख रुपये खर्च होंगे। प्रोजेक्टर पूरा होने के बाद काॅलोनी के लोगों को पेयजल की किल्लत से राहत मिलने की उम्मीद है।
कांशीराम आवास के पास बिछाई गई पुरानी पाइप लाइन जर्जर हो गई है। जगह- जगह लीकेज समस्या खडी हो जाती है। घरों में गदा पानी जाने लगता है। इससे लोगों के सामने पेयजल का संकट गहरा जाता है। कोई हैंडपंप का पानी पीने को विवश रहता है तो कोई टोटी की पानी को उबाल कर पीता है।
कुछ माह पूर्व कई लोगों के घरों में टोटी से कीड़े निकलने की शिकायत भी आई थी। नगर पालिका ने उसके बाद लीकेज सही कराया था। ब्लीचिंग पाउडर से टंकी की सफाई कराई गई। जर्जर पाइप लाइन के चलते पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से नहीं हो पा रही थी।
इस समस्या को दूर करने के लिए नगर पालिका ने नई पाइप लाइन बिछाने की योजना बनाई है। जेई अर्चना कुमार ने बताया कि निविदा प्रक्रिया पूरी हो गई है। वर्क आर्डर जारी होने का इंतजार है।जैसे ही आर्डर जारी होगा, कार्य शुरु करवा दिया जाएगा।
कांशीराम आवास में जर्जर पाइप लाइन को बदला जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी करा ली गई है। जल्द ही पाइप लाइन डालने का कार्य शुरू होगा। -अंगद गुप्ता, ईओ।
