नेपाल से गंडक नदी में बहकर आए तीन शव, SSB और SDRF ने बाहर निकाला; मंजर देख लोगों में दहशत
नेपाल में आई बाढ़ के कारण तीन शव (दो महिलाएं, एक पुरुष) महराजगंज के निचलौल स्थित गंडक नदी में बहकर आ गए, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
HighLights
नेपाल बाढ़ से तीन शव गंडक नदी में मिले।
दो महिलाएं और एक पुरुष के शव बरामद हुए।
सुरक्षा एजेंसियां नदी पर कड़ी निगरानी रख रही हैं।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। नेपाल में आई बाढ़ की त्रासदी का असर अब भारतीय क्षेत्र में भी दिखाई देने लगा है। नेपाल की ओर से बाढ़ के पानी के साथ शव बहकर भारतीय क्षेत्र में पहुंच रहे हैं। गुरुवार को निचलौल के टेलफाल के समीप गंडक नदी में तीन शव उतराते मिले।
शवों के दिखाई देने के बाद नदी की निगरानी में जुटी सुरक्षा एजेंसियों में हलचल मच गई। एसएसबी, एसडीआरएफ और निचलौल पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों शवों को नदी से बाहर निकलवाकर सुरक्षित रखना शुरू कर दिया।
पानी में बहकर आए तीन शव
नदी में बरामद शवों में दो महिलाओं और एक पुरुष का शव शामिल है। तीनों शव नेपाल में आई बाढ़ के पानी में बहकर भारतीय क्षेत्र में पहुंचे हैं। शवों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। सुरक्षा एजेंसियों की टीम नदी और आसपास के क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही है, ताकि बाढ़ के पानी के साथ और शव या अन्य सामग्री बहकर आने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
यह भी पढ़ें- नेपाल में फंसे सोनभद्र के नागरिकों की मदद के लिए जिला प्रशासन ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर, ऐसे दें जानकारी
गुरुवार की सुबह जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने भी मौके का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने वहां तैनात सुरक्षा एजेंसियों और पुलिसकर्मियों को पूरी तरह सतर्क रहने तथा नदी के जलस्तर और बहाव पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। नेपाल में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए भारतीय क्षेत्र में नदी की निगरानी और बढ़ा दी गई है।
