विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जालसाज ने खुद को UK का बताकर मुंबई एयरपोर्ट पर फंसे होने का किया नाटक, महराजगंज से लड़की ने भेज दिए ₹22 लाख

Published: Thu, 05 Nov 2026 03:41 PM (IST)

महराजगंज में एक युवती इंस्टाग्राम पर दोस्ती के झांसे में आकर 22 लाख रुपये की ठगी का शिकार हो गई।

एआई जनरेटेड तस्वीर

एआई जनरेटेड तस्वीर

HighLights

  1. इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर जालसाज ने युवती को फंसाया।

  2. यूके का बताकर मुंबई एयरपोर्ट पर फंसे होने का नाटक किया।

  3. युवती से यूपीआई के माध्यम से 22 लाख रुपये ठगे गए।

जागरण संवाददाता, महराजगंज। इंटरनेट मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करना एक युवती को भारी पड़ गया। इंस्टाग्राम पर दोस्ती करने के बाद एक जालसाज ने भावनात्मक रूप से जोड़कर युवती से करीब 22 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने खुद को यूके में रहने वाला बताते हुए भारत आकर मिलने का झांसा दिया। इसके बाद मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षा कर्मियों द्वारा पकड़े जाने और रुपये की मांग किए जाने की कहानी सुनाकर युवती से अलग-अलग तिथियों में यूपीआइ के माध्यम से रकम मंगवा ली। ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

नगर पालिका महराजगंज के बिस्मिल नगर वार्ड नंबर-22 निवासी लवली वर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि इंस्टाग्राम पर रवि शर्मा नाम की आइडी से उन्हें फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी। इसे स्वीकार करने के बाद संबंधित व्यक्ति ने अपना नाम रवि शर्मा बताया। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी। धीरे-धीरे आरोपित ने युवती को अपनी बातों में फंसा लिया और भावनात्मक रूप से जुड़ गया। उसने खुद को यूके में रहने वाला बताया और युवती से मिलने के लिए भारत आने की बात कही।

विश्वास जीतने के लिए आरोपी ने युवती को बोर्डिंग पास भी भेजा और बताया कि वह मुंबई एयरपोर्ट पहुंच गया है। इसके बाद उसने फोन कर बताया कि एयरपोर्ट पर सुरक्षा कर्मियों ने उसे पकड़ लिया है और छोड़ने के लिए रुपये मांग रहे हैं। उसने युवती से मदद के नाम पर रुपये की व्यवस्था करने को कहा और एक बैंक खाता उपलब्ध कराया। उसकी बातों में आकर युवती ने 24 अक्टूबर से 28 अक्टूबर 2026 के बीच अलग-अलग तिथियों में यूपीआइ के माध्यम से करीब 22 लाख रुपये भेज दिए।

इसके बाद आरोपी ने 8 लाख रुपये की और मांग की। लगातार रुपये की मांग होने पर युवती को अपने साथ ठगी होने का संदेह हुआ। इसके बाद उसने साइबर क्राइम थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। साइबर क्राइम थाना प्रभारी रसीद खां ने बताया कि मामले में अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।