महराजगंज सभासद उपचुनाव: अब तक 34.03 प्रतिशत हुआ मतदान, कड़ी सुरक्षा के बीच वोटिंग जारी
महराजगंज नगर पालिका परिषद के वार्ड संख्या सात शिवनगर में सभासद पद के लिए उपचुनाव में मंगलवार को मतदान जारी रहा।

HighLights
महराजगंज वार्ड 7 शिवनगर में सभासद उपचुनाव के लिए मतदान
दोपहर एक बजे तक 34.03 प्रतिशत मतदाताओं ने किया वोट
पांच निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
जागरण संवाददाता, महराजगंज। नगर पालिका परिषद महराजगंज के वार्ड संख्या सात शिवनगर के रिक्त सभासद पद के लिए मंगलवार सुबह सात बजे से मतदान जारी है। दोपहर एक बजे तक तीनों मतदेय स्थलों पर कुल 34.03 प्रतिशत मतदान हुआ। उपचुनाव में पांच निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में हैं।
वार्ड के कुल 3097 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान के लिए प्राथमिक पाठशाला शिवनगर में तीन मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इनमें पहले मतदेय स्थल पर 967, दूसरे पर 1103 और तीसरे पर 1027 मतदाता पंजीकृत हैं। दोपहर एक बजे तक कुल 1054 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे।

मतदान शुरू होने से पहले ही जोनल सेक्टर मजिस्ट्रेट अपर उपजिलाधिकारी जितेंद्र कुमार और जोनल सेक्टर पुलिस अधिकारी सीओ कार्यालय से शशिमौली पांडेय ने मतदान स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
उन्होंने मतदान प्रक्रिया का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान कराया जा रहा है, जोनल सेक्टर मजिस्ट्रेट जितेंद्र कुमार ने बताया कि मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा। निरीक्षण के दौरान सदर कोतवाल धर्मेंद्र कुमार सिंह, श्याम जनार्दन राय, उपनिरीक्षक अंकित सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
