विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महराजगंज में 11 केंद्रों पर 9744 अभ्यर्थी देंगे UP PET परीक्षा, एग्जाम के दौरान भारी वाहनों की नो इंट्री

Published: Thu, 29 Oct 2026 07:18 PM (IST)

महराजगंज में पीईटी परीक्षा के दूसरे दिन 11 केंद्रों पर 9744 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिसके लिए प्रशासन ने कड़ी तैयारियां ...और पढ़ें

महराजगंज में 11 केंद्रों पर 9744 अभ्यर्थी देंगे UP PET परीक्षा।

महराजगंज में 11 केंद्रों पर 9744 अभ्यर्थी देंगे UP PET परीक्षा।

HighLights

  1. महराजगंज में 11 केंद्रों पर 9744 अभ्यर्थी देंगे पीईटी परीक्षा।

  2. नकलविहीन परीक्षा हेतु प्रशासन ने की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था।

  3. परीक्षा के दौरान भारी वाहनों की नो-एंट्री, स्कूल बंद।

जागरण संवाददाता, महराजगंज। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के दूसरे दिन शुक्रवार को भी जिले के 11 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित होगी। प्रत्येक पाली में 4872 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 9744 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को नकलविहीन, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।

परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की गहन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए केंद्र व्यवस्थापकों के साथ स्टैटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। परीक्षा के दौरान अधिकारी केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।

प्रवेश से लेकर परीक्षा संपन्न होने और ओएमआर शीट सहित अन्य प्रपत्रों को भेजने तक निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। इससे पहले 25 अक्टूबर को जिले के 11 केंद्रों पर पीईटी आयोजित हुई थी। इसमें दोनों पालियों में कुल 2716 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे थे।

जिला विद्यालय निरीक्षक आरएन भारती ने बताया कि शुक्रवार की परीक्षा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तीसरे दिन की परीक्षा एक नवंबर को इन्हीं केंद्रों पर आयोजित होगी।

पीईटी के चलते तीन नगरीय क्षेत्रों में विद्यालय बंद

पीईटी के आयोजन के दृष्टिगत शुक्रवार को नगर पंचायत घुघली, नगर पंचायत फरेंदा और नगर पालिका परिषद महराजगंज के क्षेत्रांतर्गत आने वाले सभी विद्यालयों में अवकाश रहेगा। जिला विद्यालय निरीक्षक आरएन भारती ने बताया कि परीक्षा के सुचारु आयोजन को देखते हुए संबंधित नगरीय क्षेत्रों के विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।

शहर में 12 घंटे भारी वाहनों की नो-एंट्री

पीईटी के सुचारु और जाममुक्त आयोजन के लिए 30 अक्टूबर को महराजगंज कस्बे में भारी और व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश सुबह सात बजे से रात सात बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा दो पालियों में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक आयोजित होगी।

परीक्षार्थियों की आवाजाही के मद्देनजर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिंदुरिया, शिकारपुर, झनझनपुर और पकड़ी चौकी पर नो-एंट्री और डायवर्जन की व्यवस्था लागू रहेगी। हालांकि, आपातकालीन सेवाओं और रोडवेज की यात्री बसों का संचालन जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें- UP PET परीक्षा से रोडवेज को हुई 30 लाख की कमाई, लखीमपुर में 27 हजार यात्रियों ने किया सफर