विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महराजगंज में 14.13 करोड़ से की लागत से बनेंगी 32 ग्राम पंचायतों की सड़कें, जिला पंचायत ने तैयार की कार्ययोजना

Published: Thu, 29 Oct 2026 06:59 PM (IST)

महराजगंज जिले में ग्रामीण सड़कों की दशा सुधारने के लिए जिला पंचायत ने 14.13 करोड़ रुपये से अधिक की लागत ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. महराजगंज में 14.13 करोड़ की लागत से सड़क निर्माण।

  2. नौ विकास खंडों की 32 ग्राम पंचायतों में कार्य।

  3. चार माह में पूरा होगा ग्रामीण सड़कों का मरम्मत कार्य।

जागरण संवाददाता, महराजगंज। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर सड़कों की सूरत बदलने की तैयारी है। जिला पंचायत की ओर से नौ विकास खंडों की 32 ग्राम पंचायतों में सड़क मरम्मत, अनुरक्षण लेपन, सीसी रोड और खड़ंजा निर्माण के कार्य कराए जाएंगे।

इन कार्यों पर 14.13 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होंगे। इससे गांवों के संपर्क मार्गों की स्थिति सुधरेगी और ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। कार्यों को पूरा करने के लिए चार माह की अवधि निर्धारित की गई है।

जिला पंचायत की कार्ययोजना में मिठौरा, पनियरा, सदर, परतावल, घुघुली, नौतनवा, निचलौल, फरेंदा और लक्ष्मीपुर ब्लाक की ग्राम पंचायतें शामिल हैं। इनमें सदर ब्लाक के बागापार से बरईठवा संपर्क मार्ग के अनुरक्षण लेपन पर 99.21 लाख रुपये, लक्ष्मीपुर में बरगदवा से विशुनपुरा तक 91.50 लाख और पनियरा के कमासिन बुजुर्ग में प्राथमिक पाठशाला से भक्सा प्रधानमंत्री पिच तक अनुरक्षण कार्य पर 86.70 लाख रुपये खर्च होंगे।

इसके अलावा परतावल के नागावरी पिच से बलुआ भार तक मार्ग के अनुरक्षण पर 83.54 लाख, घुघुली के पचरुखिया बरवा चैमनिया मार्ग से किशुनपुर टिकुलहिया तक लेपन पर 77.13 लाख, नौतनवा के हरपुर में सड़क, सीसी और रिटेनिंग वाल निर्माण पर 70.96 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

सदर के महुआ से तुलसीपुर मार्ग पर 58.54 लाख और निचलौल के बैदौली में गांव से बंधे तक लेपन पर 55.87 लाख रुपये निर्धारित हैं। सीसी रोड निर्माण के तहत मिठौरा के सोनवल, घुघुली बुजुर्ग, पचरुखिया तिवारी, बसंतपुर, लक्ष्मीपुर देउरवा और जगदीशपुर में कार्य होंगे। पनियरा के बेलहिया, पिपरा जद्दू, कमासिन खुर्द और कनैला में भी निर्माण प्रस्तावित है।

निचलौल के सिरौली, लेदी और अमड़ा उर्फ झुलनीपुर, सदर के छोटकी पकड़ी, बरगदवा राजा और बभनौली तथा परतावल के डेरवा और पुरैना में भी सड़क निर्माण, इंटरलाकिंग और खड़ंजा कार्य कराए जाएंगे।

फरेंदा के बरातगाढ़ा स्थित सेखुआन टोला में भी सड़क मरम्मत प्रस्तावित है। मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई हैं,छह माह के भीतर सड़कों का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- उन्नाव में गोबर से बिजली, सिंचाई और खाद का नया युग: 45 घन मीटर का बायोगैस प्लांट से रोशन होंगे घर