विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महराजगंज में हर माह होगी परिषदीय स्कूलों की पढ़ाई की पड़ताल, बनेगा रिपोर्ट कार्ड

Published: Fri, 25 Sep 2026 07:50 PM (IST)

महराजगंज के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए अब हर महीने पढ़ाई और बच्चों की सीखने की क्षमता की समीक्षा की जाएगी।

हर माह होगी परिषदीय स्कूलों की पढ़ाई की पड़ताल।

हर माह होगी परिषदीय स्कूलों की पढ़ाई की पड़ताल।

HighLights

  1. परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा गुणवत्ता सुधारने हेतु मासिक समीक्षा।

  2. बच्चों की सीखने की क्षमता और शैक्षिक प्रगति पर नियमित नजर।

  3. निपुण भारत मिशन, पीएम पोषण योजना की भी होगी जांच।

जागरण संवाददाता, महराजगंज। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए अब हर महीने पढ़ाई और बच्चों की सीखने की क्षमता की समीक्षा की जाएगी। महराजगंज में 1710 परिषदीय विद्यालयों में करीब 1.98 लाख बच्चे पंजीकृत हैं। इन बच्चों की शैक्षिक प्रगति पर विभाग की नियमित नजर रहेगी। विद्यालय स्तर से लेकर ब्लाक, जिला और राज्य स्तर तक समीक्षा की व्यवस्था लागू की जा रही है।

प्रत्येक माह के चौथे शनिवार को खंड शिक्षा अधिकारी प्रधानाध्यापकों के साथ बैठक कर विद्यालय की प्रगति का रिपोर्ट कार्ड तैयार करेंगे। इसमें शैक्षिक कैलेंडर के पालन, पाठ्यक्रम के लक्ष्यों की प्राप्ति और बच्चों की सीखने संबंधी कठिनाइयों की समीक्षा की जाएगी। कमियां मिलने पर सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।

समीक्षा में निपुण भारत मिशन, छात्र नामांकन, उपस्थिति, बालिका एवं समावेशी शिक्षा, डिजिटल संसाधनों, प्री-प्राइमरी शिक्षा और पीएम पोषण योजना को भी शामिल किया जाएगा।

निपुण तालिका में बच्चों की दक्षताओं के अंकन, निपुण ऐप के नियमित आकलन और परख आकलन के परिणामों की भी जांच होगी। इससे यह पता लगाया जाएगा कि बच्चे निर्धारित दक्षताओं को हासिल कर रहे हैं या नहीं।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत कुमार सिंह ने बताया कि विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति और नामांकन के साथ पीएम पोषण योजना के संचालन तथा डिजिटल संसाधनों के प्रयोग की भी समीक्षा होगी। बालिका और समावेशी शिक्षा को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुधार किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें- यूपी के हजारों साल पुराने रॉक आर्ट को मिलेगी नई पहचान, अब चट्टानी भित्तिचित्रों का तैयार होगा डिजिटल रिकॉर्ड