विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मछली पकड़ने गए युवक पर को पानी में खींच ले गया मगरमच्छ, टेलफाल नहर में तलाश कर रहीं रेस्क्यू टीम

Published: Mon, 05 Oct 2026 06:41 PM (IST)

महराजगंज की टेलफाल नहर में मछली पकड़ रहे एक युवक पर मगरमच्छ ने हमला कर उसे गहरे पानी में खींच लिया, जिससे वह लापता हो गया।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. मछली पकड़ रहे युवक पर मगरमच्छ ने किया हमला।

  2. मगरमच्छ युवक को गहरे पानी में खींच ले गया।

  3. एसएसबी, एनडीआरएफ और ग्रामीण तलाश में जुटे हैं।

संवाद सूत्र, महराजगंज। नहर में सोमवार को मछली पकड़ रहे युवक पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। इसके बाद युवक को गहरे पानी में खींच ले गया। घटना के बाद उसके साथ मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) और एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल) की टीम ग्रामीणों की मदद से नहर में लापता युवक की तलाश में जुटी है।

सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे ग्राम गेड़हवा निवासी 36 वर्षीय छविलाल उर्फ छांगुर अपने भाई छन्नू समेत सोमारी, बुद्धू और नाटे के साथ नाव से सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग वन क्षेत्र निचलौल के बहुआर क्षेत्र स्थित टेलफाल नहर में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान छांगुर पानी में उतर गए।

तलाश के लिए पहुंचे रेस्क्यू टीमें

बताया जा रहा है कि पानी में पहले से मौजूद मगरमच्छ ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें गहरे पानी में खींच ले गया। साथियों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग व पुलिस के साथ एसएसबी और एनडीआरएफ की टीम भी पहुंची।

टीम नहर में लापता छांगुर की तलाश कर रही है। देर तक तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। छांगुर की पत्नी माया देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं बेटियां प्रीति, सलोनी, संगीता और बेटा प्रियांशु भी पिता के इंतजार में बिलखते रहे।

यह भी पढ़ें- अमेठी के यात्रियों को मिलेगा बड़ा तोहफा, अब अयोध्या-वाराणसी समेत चार शहरों के लिए दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें

निचलौल वन क्षेत्राधिकारी सुनील राव ने बताया कि लापता व्यक्ति की तलाश की जा रही है। उसके मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि उसे मगरमच्छ ने खींचा था या उसके साथ कोई अन्य अनहोनी हुई है। थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और लापता युवक की तलाश की जा रही है।