विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर प्रदेश में कूड़ादान खरीद घोटाला, नियमों की अनदेखी कर सौरभ एग्रो केमिकल्स को टेंडर देने का आरोप

Published: Mon, 16 Nov 2026 07:20 PM (IST)

महराजगंज में कूड़ादान खरीद में सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप में तत्कालीन एडीएम, एसडीएम सहित 12 लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ है।

जांच में ई-टेंडर नियमों की अनदेखी और बाजार दर से अधिक कीमत पर खरीद जैसी वित्तीय अनियमितताएं सामने आई हैं।

जांच में ई-टेंडर नियमों की अनदेखी और बाजार दर से अधिक कीमत पर खरीद जैसी वित्तीय अनियमितताएं सामने आई हैं।

HighLights

  1. कूड़ादान खरीद में तत्कालीन एडीएम, एसडीएम सहित 12 पर केस।

  2. ई-टेंडर नियमों की अनदेखी, वित्तीय अनियमितताएं जांच में उजागर।

  3. बाजार दर से काफी अधिक कीमत पर कूड़ादान खरीदे गए।

विश्वदीपक त्रिपाठी, महराजगंज। कूड़ादान खरीद में सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप में तत्कालीन एडीएम और एसडीएम समेत 12 आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज होने के बाद वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े तथ्य सामने आ रहे हैं। जांच में खरीद प्रक्रिया के दौरान नियमों की अनदेखी के आरोप लगे हैं। मुकदमा आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) के वाराणसी सेक्टर में स्थानांतरित होने के बाद जिले के अन्य नगर निकायों के अधिकारी भी सतर्क हैं। जांच का दायरा बढ़ने पर कई नगर पालिका और नगर पंचायतों के जिम्मेदार भी इसकी जद में आ सकते हैं।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, 200 कूड़ादानों की आपूर्ति के लिए नगर पंचायत घुघली ने 24 अगस्त 2018 को अल्पकालीन निविदा-कोटेशन सूचना जारी की। इसका प्रकाशन 26 अगस्त 2018 को हुआ और चार दिन बाद, एक सितंबर 2018 को निविदा खोली गई। इसमें मेसर्स सौरभ एग्रो केमिकल्स, शिवपुरी कूड़ाघाट, गोरखपुर; मेसर्स नारायण एग्रो केमिकल्स और फर्टिलाइजर्स, दुकान नंबर-14, चार फाटक, मोहद्दीपुर, गोरखपुर; और मेसर्स सिंह एग्रो केमिकल्स, देवरिया ने भाग लिया। न्यूनतम दर के आधार पर सौरभ एग्रो केमिकल्स को आपूर्ति आदेश दिया गया।

जांच में आरोप है कि शासनादेशों के विपरीत अल्पकालीन निविदा जारी की गई और तकनीकी रूप से अनुमन्य फर्म को बाजार दर से अधिक कीमत पर कार्यादेश दिया गया। 14वें वित्त की धनराशि से 200 कूड़ादानों के लिए कुल 27,36,000 रुपये का भुगतान किया गया। जिलाधिकारी महराजगंज के 13 सितंबर 2023 के निर्देश पर कोषाधिकारी की जांच में भी खरीद प्रक्रिया में अनियमितता मिली। उत्तर प्रदेश प्रोक्योरमेंट मैनुअल 2016 और ई-टेंडर संबंधी शासनादेशों का पालन नहीं हुआ। निविदा के तकनीकी परीक्षण और वित्तीय मूल्यांकन, दोनों स्तरों पर अनियमितता पाई गई।

स्वीकृत दर की जांच के लिए कोषाधिकारी कार्यालय की समिति ने स्थानीय बाजार और आनलाइन सर्वे किया। इसमें 100 लीटर क्षमता वाले कूड़ादान की कीमत 2,400 से 3,400 रुपये मिली, जबकि निविदा में 14,160 रुपये की दर स्वीकृत थी। दिसंबर 2025 में सिंटेक्स कंपनी के अधिकृत डीलर ने स्टैंड सहित 100 लीटर कूड़ादान जीबीआरएसएस की कीमत जीएसटी सहित 6,020 रुपये बताई। जांच में सौरभ एग्रो केमिकल्स के कोटेशन के साथ लगे टीडीएस में मेसर्स नारायण एग्रो केमिकल्स एवं फर्टिलाइजर्स के खाते की पर्ची मिलने की बात कही गई है। इसे दोनों फर्मों की मिलीभगत का संकेत बताया गया।

सौरभ एग्रो केमिकल्स के सिंटेक्स अधिकृत डीलर प्रमाणपत्र की वैधता की तारीख में छेड़छाड़ का आरोप भी है। ईओडब्ल्यू वाराणसी के प्रभारी निरीक्षक वीपी यादव ने बताया कि ईओडब्ल्यू थाना लखनऊ में मुकदमा दर्ज कर विवेचना के लिए वाराणसी स्थानांतरित किया गया है। विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।