वैध वीजा के बिना भारत में प्रवेश करने पर चीनी नागरिक को 11 माह की जेल, महराजगंज कोर्ट ने सुनाई सजा
महराजगंज में एक चीनी नागरिक को बिना वैध वीजा भारत में प्रवेश करने के प्रयास में 11 माह के कारावास और पांच हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई गई है।

चीनी नागरिक को 11 माह की सजा।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, महराजगंज। बिना वैध वीजा भारत में प्रवेश करने पर एक चीनी नागरिक को 11 माह के कारावास और पांच हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई गई है।
अपर सत्र न्यायाधीश संजय मिश्र ने सोमवार को अभिलेखीय साक्ष्यों, गवाहों और दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आरोपित को दोषी करार दिया। अर्थदंड जमा न करने की स्थिति में उसे एक माह अतिरिक्त सजा काटनी होगी।
चीन राष्ट्र के शीआन जिला, थाना शंक्सी के शंक्सी निग्शिया निवासी जैंग यांग 10 अगस्त 2025 को सोनौली के मुख्य द्वार की गली नंबर-दो से भारत में प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था। सीमा पर तैनात एसएसबी के जवानों ने उसकी गतिविधि संदिग्ध लगने पर रोककर पूछताछ की।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपित चीन का नागरिक है, और उसके पास भारत में प्रवेश के लिए वैध वीजा नहीं है। सोनौली पुलिस ने उसके विरुद्ध विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया। विवेचना पूरी होने के बाद आरोपपत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
मुकदमे की सुनवाई के दौरान सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) देवेंद्र पांडेय ने अभियोजन पक्ष की ओर से साक्ष्य और तर्क प्रस्तुत किए। जिसके बाद अपर सत्र न्यायाधीश ने आरोपित जैंग यांग को दोषी ठहराते हुए 11 माह के कारावास तथा पांच हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई।