विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महराजगंज में चार युवकों की मौत के बाद फूटा गुस्सा, आर्थिक सहायता को लेकर सड़क जाम

Published: Wed, 19 Aug 2026 01:07 PM (GMT+05:30)

महराजगंज में जन्मदिन की पार्टी मनाने जा रहे चार युवकों की डंपर से कुचलकर मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ...और पढ़ें

निचलौल- महराजगंज मार्ग जाम कर प्रदर्शन करते ग्रामीण। जागरण

निचलौल- महराजगंज मार्ग जाम कर प्रदर्शन करते ग्रामीण। जागरण

HighLights

  1. जन्मदिन पार्टी मनाने जा रहे चार युवकों की मौत।

  2. डंपर की चपेट में आने से हुई भीषण दुर्घटना।

  3. परिजनों ने सरकारी नौकरी, आर्थिक सहायता की मांग की।

जागरण संवाददाता, (निचलौल) महराजगंज। जन्मदिन की पार्टी मनाने एक ही बाइक से जा रहे चार युवकों की मंगलवार की रात डंपर की चपेट में आने से हुई मृत्यु के बाद बुधवार को स्वजन का आक्रोश फूट पड़ा। परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और आर्थिक सहायता की मांग को लेकर स्वजन ने ग्रामीणों के साथ बरोहिया में निचलौल-महराजगंज मार्ग जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और पुलिस-प्रशासन के विरुद्ध नाराजगी जताई। काफी मानमनौव्वल और आश्वासन पर दो घंटे बाद धरना समाप्त हुआ।

निचलौल थाना क्षेत्र के पचमा गांव के केवटानी टोला निवासी 20 वर्षीय विवेक साहनी, 22 वर्षीय सन्नी, 19 वर्षीय किशन साहनी और गांव में ही रहकर कार्य करने वाले मिर्जापुर जिला निवासी 18 वर्षीय शिव साहनी मंगलवार की रात करीब साढ़े आठ बजे एक ही बिना नंबर की बाइक से निचलौल जा रहे थे। सन्नी का जन्मदिन होने के कारण चारों युवक पार्टी मनाने के लिए निकले थे।

दमकी गांव में भारत गैस एजेंसी के सामने पहुंचते ही विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवकों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे में मृत शिव और विवेक सगे भाई थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

mrhjag

उधर, चार युवकों की मृत्यु से आक्रोशित स्वजन व ग्रामीण बुधवार की सुबह करीब 10 बजे बरोहिया में एकत्र हो गए। लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन करते हुए निचलौल-महराजगंज मार्ग जाम कर दिया। स्वजन का कहना था कि प्रत्येक मृतक परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। नाबालिग बच्चों के भरण पोषण के लिए सहायता, बच्ची की शादियों के लिए सहायता और पारिवारिक भरण पोषण के लिए सहायता दी जाए। जाम की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्वजन को समझाकर आवागमन बहाल कराने का प्रयास किया, लेकिन स्वजन अपनी मांगों पर अड़े रहे।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता और थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार राय भी मौके पर पहुंचे। तनाव को देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। पुलिस अधिकारी लगातार ग्रामीणों और स्वजन से बातचीत करते रहे। मृतक सन्नी की मां नीलम देवी, विवेक की मां किरन देवी और किशन की मां पूनम देवी ने कहा कि परिवार के सामने अब भविष्य का संकट खड़ा हो गया है।

यह भी पढ़ें- महराजगंज में एक ही बाइक पर सवार चार युवकाें को डंपर ने रौंदा, दो सगे भाइयों समेत चारों की मौत

उनका कहना था कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक वह सड़क से नहीं हटेंगी। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए मुख्य सड़क पर जाम की स्थिति न बने, इसके लिए मदनपुरा और मिठौरा के पास से ही चार पहिया वाहनों का रूट डायवर्जन कर दिया गया था।

एसडीएम सिद्धार्थ ने बताया कि पीड़ितों के स्वजन को नियमत: अधिकतम सहायता दिलाई जाएगी। इसके अलावा कृषक दुर्घटना बीमा योजना से भी नियमानुसार सहायता दिया जाएगा। आवास व पेंशन योजना से भी आच्छादित किया जाएगा। इस आश्वासन पर धरना समाप्त हो गया है।