विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महराजगंज में विदेश भेजने का झांसा देकर 86 हजार रुपये और पासपोर्ट हड़पा, विरोध करने पर जान से मारने की दी धमकी

Published: Mon, 06 Jul 2026 09:24 PM (IST)

सिंदुरिया पुलिस ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 86 हजार रुपये और पासपोर्ट हड़पने के मामले में दो ...और पढ़ें

विदेश भेजने का झांसा देकर 86 हजार रुपये और पासपोर्ट हड़पा।

विदेश भेजने का झांसा देकर 86 हजार रुपये और पासपोर्ट हड़पा।

HighLights

  1. विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर धोखाधड़ी।

  2. 86 हजार रुपये और पासपोर्ट हड़पने का आरोप।

  3. विरोध करने पर मारपीट, जान से मारने की धमकी।

संवाद सूत्र, सिंदुरिया। विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 86 हजार रुपये और पासपोर्ट हड़पने, विरोध करने पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में सिंदुरिया पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर दो लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।

मुझहना बुजुर्ग निवासी दिनेश प्रसाद कन्नौजिया ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह अपने पुत्र अमित कुमार को रोजगार के लिए विदेश भेजना चाहते थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात गोरखपुर जिले के पीपीगंज थाना क्षेत्र के पचगांव टोला बढ़हरिया निवासी फिरोज अली और उसके दामाद काशिम अंसारी से हुई।

दोनों ने खुद को विदेश भेजने का एजेंट बताते हुए अच्छे वेतन पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। आरोप है कि 30 सितंबर से आठ अक्टूबर 2024 के बीच आरोपितों ने फोनपे और गूगल पे के माध्यम से किस्तों में 20 हजार रुपये से अधिक तथा बाद में 66 हजार रुपये नकद लेकर कुल 86 हजार रुपये और पासपोर्ट अपने पास रख लिया।

कई माह बीतने के बाद भी न तो वीजा उपलब्ध कराया गया और न ही युवक को विदेश भेजा गया। पीड़ित का आरोप है कि 15 मई 2026 को सिंदुरिया बाजार में रुपये और पासपोर्ट वापस मांगने पर दोनों आरोपित भड़क गए।

उन्होंने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की, मारपीट की और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। सिंदुरिया थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- यमुना एक्सप्रेसवे पर हिट एंड रन: दो कारों की टक्कर के बाद सड़क पर खड़े 7 लोगों को तेज रफ्तार वाहन ने लिया चपेट में; मासूम की मौत