यमुना एक्सप्रेसवे पर हिट एंड रन: दो कारों की टक्कर के बाद सड़क पर खड़े 7 लोगों को तेज रफ्तार वाहन ने लिया चपेट में; मासूम की मौत
यमुना एक्सप्रेसवे पर मांट के पास दो कारों की टक्कर के बाद सड़क पर खड़े सात लोगों को एक अज्ञात ...और पढ़ें
-1783350554328_m.webp)
यमुना एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो।
संवाद सूत्र, मांट (मथुरा)। यमुना एक्सप्रेसवे एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। मांट थाना क्षेत्र के माइल स्टोन 102 के पास रविवार रात साढ़े नौ बजे स्कार्पियो व अल्टो कार की टक्कर हो गई। हादसे में क्षतिग्रस्त हुई स्कार्पियो खराब हो गई। इसमें सवार सात लोग कार से निकलकर बाहर खड़े हो गए और एक-दूसरे का हाथ पकड़कर डिवाइडर की ओर जाने लगे।
इसी दौरान आगरा की ओर से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सभी को टक्कर मार दी। हादसे में एक मासूम की मृत्यु हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां से स्वजन उनको दिल्ली ले गए। एक गंभीर घायल मासूम का उपचार सिम्स अस्पताल में जारी है।
नई दिल्ली के विष्णु गार्डन निवासी राहुल अपने परिवार के साथ तीन गाड़ियों से सोमवार को रिश्तेदारी के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मैनपुरी के कनकपुर मुहल्ले गए थे। रात को सभी वापस दिल्ली लौट रहे थे। स्कार्पियो को राहुल चला रहे थे। इसमें उनकी पत्नी, भाई-भाभी, बहन-बहनोई और बच्चे सवार थे।
रात साढ़े नौ बजे मांट थाना क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेसवे पर माइल स्टोन 102 के समीप स्कार्पियो आगे चल रही अल्टो में पीछे से टकरा गई। इससे दोनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि किसी के चोट नहीं आने पर अल्टो सवार चला गया। राहुल ने स्कार्पियो को स्टार्ट किया, लेकिन वह खराब हो गई। इस पर सभी कार से उतर गए और एक-दूसरे का हाथ पकड़कर सड़क से डिवाइडर की ओर जाने लगे।
सड़क पार करते समय आगरा की ओर से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने चार वर्षीय तनिष्का, छह वर्षीय नायरा, 32 वर्षीय दिव्या, 53 वर्षीय मीरा, 50 वर्षीय कमलेश, 55 वर्षीय मनोज कुमार और 32 वर्षीय कीर्ति को जोरदार टक्कर मार दी और बिना रुके मौके से फरार हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी लोग सड़क पर दूर-दूर तक जा गिरे। मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इसी दौरान पीछे से आई दो अन्य कारों में सवार स्वजन ने अपनों को सड़क पर पड़ा देखा तो चीख-पुकार मच गई। पुलिस को सूचना दी गई। मांट थाना प्रभारी उमेश कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने छह वर्षीय नायरा को मृत घोषित कर दिया।
वहीं दूसरी गंभीर घायल तनिष्का को सिटी अस्पताल के लिए रेफर किया गया। इधर स्वजन अन्य घायलों को लेकर दिल्ली रवाना हो गए। पुलिस ने हाईवे से क्षतिग्रस्त स्कार्पियो को सड़क किनारे खड़ा कराकर यातायात सुचारू कराया। मांट थाना प्रभारी ने बताया कि प्रार्थना-पत्र मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल सीसीटीवी कैमरे खंगालकर अज्ञात वाहन की पहचान की जा रही है।
