विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अपने घर का सपना होगा पूरा, महराजगंज में 2995 परिवारों को मिलेगा पीएम आवास योजना का लाभ

Published: Mon, 14 Sep 2026 11:43 AM (IST)

महराजगंज जिले में 2995 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के पहले चरण का लाभ मिलेगा, जिसके लिए ब्लॉकवार लक्ष्य का इंतजार है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. महाराजगंज में 2995 परिवारों को पीएम आवास योजना का लाभ मिलेगा।

  2. मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 1720 लाभार्थियों का पंजीकरण जारी है।

  3. आवास निर्माण के लिए ₹1.20 लाख और शौचालय के लिए ₹12 हजार मिलेंगे।

जागरण संवाददाता, महराजगंज। जिले में 1720 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया चल रही है। इसी बीच प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत भी जिले को पहले चरण का लक्ष्य मिल गया है।

इसके तहत 2995 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास का लाभ दिया जाएगा। हालांकि अभी यह लक्ष्य ब्लॉकवार आवंटित नहीं हुआ है। केंद्र स्तर से ब्लॉकवार लक्ष्य जारी होने के बाद पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन के लिए जिले में बड़े स्तर पर सर्वे कराया गया था।

जिले में इसके लिए कुल 89 हजार से अधिक नागरिकों ने आवेदन किया था। तीन से चार चरणों में सत्यापन और विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध विवरण के आधार पर 50,689 लोगों को पात्र पाया गया। अब इन्हीं पात्रों में से योजना की स्थायी प्रतीक्षा सूची (पीडब्ल्यूएल) के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लाभार्थियों का चयन किया जाएगा।

तीन किस्तों में मिलेंगे 1.20 लाख रुपये

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी को आवास निर्माण के लिए 1.20 लाख रुपये तीन किस्तों में सीधे बैंक खाते में दिए जाएंगे। पहली किस्त के रूप में 40 हजार रुपये दिए जाएंगे।

दूसरी किस्त में 70 हजार रुपये प्लिंथ स्तर तक निर्माण पहुंचने पर मिलेंगे। इसके बाद लिंटर पड़ने पर तीसरी किस्त के रूप में 10 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा लाभार्थियों को शौचालय निर्माण के लिए 12 हजार रुपये की सहायता भी दी जाएगी।

योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को 90 दिन की मनरेगा मजदूरी की धनराशि भी उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी। इस तरह आवास निर्माण के साथ शौचालय और मजदूरी का भी लाभ पात्र परिवारों को मिलेगा।

यह भी पढ़ें- महराजगंज में प्याज के दाम दोगुने, हरी सब्जियों और तेल की कीमतों में भी उछाल

सीएम आवास के 1720 लाभार्थियों का चल रहा पंजीकरण

प्रधानमंत्री आवास के साथ ही जिले में मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत भी 1720 लाभार्थियों को लाभान्वित करने की प्रक्रिया चल रही है। इनके लिए वर्तमान समय में पंजीकरण कराया जा रहा है। सीएम आवास की प्रक्रिया के बीच पीएम आवास का लक्ष्य मिलने से ग्रामीण क्षेत्र में आवास योजना के क्रियान्वयन को गति मिलने की उम्मीद है।

जिले को 2995 पीएम आवास का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। अभी ब्लॉक स्तर पर इसका आवंटन नहीं हुआ है। केंद्र स्तर से ब्लाकवार लक्ष्य निर्धारित होने के बाद पंजीकरण की प्रक्रिया तत्काल शुरू कराई जाएगी। इसके बाद पात्रता संबंधी औपचारिकताएं पूरी कर चयनित लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।

                                      रामदरस चौधरी, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण